38 लाख रुपये का कपड़ा खरीदा, 7.19 लाख का भुगतान किया; बकाया रकम मांगने पर फोन उठाना किया बंद
भिवंडी: कपड़ा कारोबार के नाम पर भिवंडी के व्यापारी से लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोप में निजामपुर पुलिस ने राजस्थान के जयपुर निवासी एक व्यापारी को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उसने करीब 38 लाख रुपये का कपड़ा खरीदा, लेकिन महज 7.19 लाख रुपये का भुगतान किया। इसके बाद बकाया रकम देने में टालमटोल करने लगा और फोन उठाना भी बंद कर दिया। पुलिस ने आरोपी को राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया है। अदालत ने उसे पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेजा है।
पुलिस के अनुसार, खाड़ीपार स्थित गणेश बिल्डिंग निवासी महेंद्र कुमार कमल किशोर अग्रवाल (49) रिद्धी सिद्धी सिंथेटिक्स के नाम से कपड़ा उत्पादन और ट्रेडिंग का कारोबार करते हैं। जून 2025 में जयपुर निवासी सुरेशचंद्र सैनी ने खुद को रचना इंटरनेशनल का मालिक बताते हुए महेंद्र से कपड़ा खरीदने का संपर्क किया।

शिकायत के मुताबिक, 7 जून 2025 से 29 अप्रैल 2026 के बीच सैनी ने महेंद्र की फर्म से कुल 38 लाख 6 हजार 32 रुपये का सूती कपड़ा, रेयॉन फैब्रिक और पॉलीकॉटन फैब्रिक खरीदा। माल मिलने के बाद आरोपी ने बिलों पर कोई आपत्ति नहीं जताई। बाद में उसने 21 जुलाई 2026 को 7 लाख 19 हजार 821 रुपये का भुगतान किया।
व्यापारी का आरोप है कि भुगतान के बाद भी बड़ी रकम बकाया रह गई। महेंद्र ने आरोपी से 7 लाख 33 हजार 233 रुपये की बकाया राशि के साथ ब्याज और जीएसटी का भुगतान करने को कहा। इसके बाद आरोपी कथित तौर पर लगातार भुगतान टालता रहा। कुछ समय बाद उसने फोन उठाना भी बंद कर दिया।
मामले में महेंद्र की शिकायत पर निजामपुर पुलिस स्टेशन में BNS की धारा 316(2) और 318(4) के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी की तलाश के लिए टीम गठित की और उसे राजस्थान से गिरफ्तार कर भिवंडी लाया।
सहायक पुलिस निरीक्षक विनोद चव्हाण के अनुसार, आरोपी ने व्यापारी का विश्वास हासिल कर माल खरीदा और बाद में उसका भुगतान नहीं किया। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

