ब्रेव यूथ मार्शल आर्ट्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया की बेल्ट परीक्षा संपन्न

भिवंडी

34 कराटे खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को बेल्ट व प्रमाणपत्र देकर किया सम्मानित

अब्दुल गनी खान
ठाणे। ब्रेव यूथ मार्शल आर्ट्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया की ओर से शिव साई पैराडाइज, ठाणे परिसर में बेल्ट परीक्षा 2026 का आयोजन उत्साहपूर्ण माहौल में किया गया। परीक्षा का आयोजन बी.वाय.एम.ए. ऑफ इंडिया के प्रभारी मास्टर मिथुन भोई तथा मैनेजिंग डायरेक्टर भरत देवसानी और अशोक देवसानी के मार्गदर्शन में किया गया।

इस बेल्ट परीक्षा में कुल 34 कराटे खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। सभी खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत, अनुशासन और मार्शल आर्ट्स में अर्जित कौशल का शानदार प्रदर्शन करते हुए परीक्षा दी। खिलाड़ियों के प्रदर्शन को देखते हुए उन्हें आगामी स्तर के लिए प्रोत्साहित किया गया।

परीक्षा पूर्ण होने के बाद उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सभी खिलाड़ियों को बेल्ट बांधकर तथा प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर खिलाड़ियों के चेहरे पर उत्साह और खुशी देखने को मिली। अभिभावकों ने भी अपने बच्चों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए आयोजकों का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम के दौरान सभी खिलाड़ियों एवं आयोजकों की ओर से ग्रैंड मास्टर डॉ. राजाराम देवसानी और मास्टर अशोक देवसानी का विशेष सत्कार किया गया। इस दौरान मार्शल आर्ट्स के महत्व और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को लेकर मार्गदर्शन भी किया गया।

विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को संबोधित करते हुए ग्रैंड मास्टर डॉ. राजाराम देवसानी ने कहा कि मार्शल आर्ट्स का प्रशिक्षण केवल आत्मरक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे बच्चों में शारीरिक फिटनेस, मानसिक मजबूती, अनुशासन और आत्मविश्वास का विकास होता है। उन्होंने कहा कि नियमित प्रशिक्षण से विद्यार्थियों के व्यक्तित्व में निखार आता है और उनमें गरिमा के साथ-साथ दूसरों की सहायता करने की भावना भी विकसित होती है।

उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों को पढ़ाई के साथ खेल एवं मार्शल आर्ट्स जैसी गतिविधियों के लिए भी प्रोत्साहित करें, ताकि उनका शारीरिक और मानसिक विकास बेहतर तरीके से हो सके।

कार्यक्रम को सफल बनाने में ब्रेव यूथ मार्शल आर्ट्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया के पदाधिकारियों, प्रशिक्षकों, खिलाड़ियों एवं अभिभावकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। बेल्ट परीक्षा के सफल आयोजन के साथ ही खिलाड़ियों को आगे भी निरंतर अभ्यास और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *