स्टेडियम में तेज रफ्तार कार की टक्कर से 65 वर्षीय बुजुर्ग की मौत

भिवंडी

दो सगे भाइयों को कार ने मारी टक्कर, दूसरा भाई भी घायल; स्टेडियम में रेसिंग पर रोक लगाने की मांग

भिवंडी मनपा अंतर्गत आने वाले  प्रभाग समिति क्रमांक-4 क्षेत्र स्थित स्वर्गीय परशुराम टावरे स्टेडियम में तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से 65 वर्षीय असलम नामक व्यक्ति की मौत हो गई। हादसे में उनके साथ मौजूद उनके भाई भी घायल हुए हैं। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, दोनों सगे भाई सोमवार शाम करीब छह बजे के बाद अपने घर से पावरलूम कारखाने की ओर जाने के लिए निकले थे। वे धोबी तालाब से परशुराम टावरे स्टेडियम की ओर जाने वाले रास्ते से गुजर रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आई एक कार ने दोनों भाइयों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल नजदीकी अलमोइन अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने 65 वर्षीय असलम को मृत घोषित कर दिया। वहीं, उनके घायल भाई का इलाज किए जाने की जानकारी सामने आई है।

स्टेडियम में रेसिंग पर रोक लगाने की मांग

स्थानीय लोगों का कहना है कि परशुराम टावरे स्टेडियम में रोजाना छोटे बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग टहलने और समय बिताने के लिए आते हैं। इसके बावजूद कुछ युवक स्टेडियम परिसर और आसपास के रास्तों पर तेज रफ्तार में वाहन चलाते हैं और कथित तौर पर रेसिंग भी करते हैं। इससे यहां आने वाले नागरिकों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।लोगो ने प्रशासन से मांग की है कि स्टेडियम परिसर में वाहनों की तेज रफ्तार पर नियंत्रण के लिए तत्काल ठोस कदम उठाए जाएं। साथ ही, रेसिंग और लापरवाही से वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई करने तथा स्टेडियम में आने वाले नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *