7 दिसंबर से शुरू होंगे मांगलिक कार्यक्रम, जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के विवाह में सहयोग के लिए मठ की पहल
अब्दुल गनी खान
भिवंडी: जरूरतमंद परिवारों की कन्याओं के विवाह में सहयोग और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से भिवंडी स्थित श्री बागेश्वर धाम सनातन मठ की ओर से 9 दिसंबर 2026 को 51 कन्याओं का सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया जाएगा। मठ की ओर से पहली बार इतने बड़े स्तर पर आयोजित किए जा रहे इस समारोह की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

आयोजन की तैयारियों और कार्यक्रम की रूपरेखा की जानकारी देने के लिए शनिवार, 31 अक्टूबर को मठ परिसर में पत्रकार परिषद का आयोजन किया गया। इस दौरान मठ के प्रबंधक प्रशांत शुक्ला और प्रबंधन समिति के सदस्यों ने बताया कि चार दिवसीय समारोह के तहत 7 दिसंबर को हल्दी एवं भजन कार्यक्रम, 8 दिसंबर को मेहंदी और संगीत, 9 दिसंबर को विवाह समारोह तथा 10 दिसंबर को सत्यनारायण पूजा एवं नवदंपतियों की विदाई का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
प्रबंधन समिति के अनुसार, इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के विवाह में सहयोग करना है। धार्मिक एवं सामाजिक सेवा के माध्यम से समाज में आपसी सहयोग, समर्पण और सद्भाव की भावना को मजबूत करना भी इस पहल का प्रमुख उद्देश्य है।
आयोजकों ने समाज के सभी वर्गों, विशेषकर सनातनी भाइयों-बहनों और नागरिकों से इस पुनीत कार्य में तन-मन और समर्पण भाव से सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से 51 कन्याओं का विवाह समारोह भव्य और सफलतापूर्वक संपन्न कराया जाएगा।
सामूहिक विवाह समारोह में शामिल होने और इससे संबंधित जानकारी प्राप्त करने के इच्छुक परिवार श्री बागेश्वर धाम सनातन मठ, भिवंडी के कार्यालय से संपर्क कर आवेदन फॉर्म प्राप्त कर सकते हैं।

