शाई गांव में वन विभाग और पुलिस की कार्रवाई में घर तोड़े जाने का मामला, पीड़ित परिवार से मिलकर प्रशासन को घेरने की दी चेतावनी
आदिल नोमानी
मुरबाड: मुरबाड तालुका के शाई गांव में वन विभाग और पुलिस की कार्रवाई के दौरान अनंता दत्तू भोईर का घर तोड़े जाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। शनिवार को राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के युवा नेता सुमित बाळ्यामामा म्हात्रे ने पीड़ित भोईर परिवार से मुलाकात कर घटनास्थल का जायजा लिया। उन्होंने परिवार से पूरी घटना की जानकारी लेने के बाद साफ कहा कि भोईर परिवार को न्याय दिलाए बिना वह चैन से नहीं बैठेंगे।

परिवार का आरोप है कि अनंता भोईर ने अपनी जीवनभर की मेहनत और जमा पूंजी से परिवार के लिए घर बनाया था। लेकिन शनिवार सुबह करीब आठ बजे टोकावडे वन विभाग और मुरबाड पुलिस ने बिना किसी पूर्व सूचना के उनके घर को जमीनदोज कर दिया। आरोप यह भी है कि कार्रवाई के दौरान परिवार को घर का जरूरी सामान और घरेलू वस्तुएं बाहर निकालने तक का मौका नहीं दिया गया।
घटना की जानकारी मिलने पर सुमित म्हात्रे शाई गांव पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा कि एक दिव्यांग व्यक्ति ने जिंदगीभर मेहनत कर अपने परिवार के लिए आशियाना खड़ा किया था। इस तरह घर को तोड़ा जाना बेहद गंभीर मामला है। संबंधित प्रशासन से इस कार्रवाई को लेकर जवाब मांगा जाएगा।

म्हात्रे ने भरोसा दिलाया कि अनंता भोईर और उनके परिवार को न्याय दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। जब तक पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिलता, तब तक उनकी लड़ाई जारी रहेगी।

