पांच थाना क्षेत्रों में एक साथ छापेमारी, विदेशी साइबर ठगों से जुड़े नेटवर्क का खुलासा होने की आशंका; गुजरात, असम और गोवा तक जुड़े तार
विशेष संवाददाता| लखनऊ
लखनऊ में साइबर अपराधियों के खिलाफ पुलिस की क्राइम ब्रांच ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब एक दर्जन सिम बॉक्स बरामद किए हैं। पुलिस कमिश्नर तरुण गाबा के निर्देश पर साइबर यूनिट की टीम ने शहर के कई थाना क्षेत्रों में एक साथ छापेमारी अभियान चलाया। इस कार्रवाई से साइबर अपराध के संगठित नेटवर्क में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के मुताबिक, एडीसीपी क्राइम किरण यादव के नेतृत्व में क्राइम ब्रांच की टीमों ने सुशांत गोल्फ सिटी, गोमतीनगर, पारा, चिनहट और बीबीडी थाना क्षेत्रों में एक साथ दबिश दी। इस दौरान करीब एक दर्जन सिम बॉक्स बरामद किए जाने की जानकारी सामने आई है।
कॉल रूटिंग के जरिए विदेश से चल रहा था साइबर ठगी का खेल!
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बरामद सिम बॉक्स का इस्तेमाल कथित तौर पर विदेशों में बैठे साइबर अपराधी भारत में कॉल रूटिंग के लिए कर रहे थे। इस तकनीक के जरिए विदेशी कॉल को स्थानीय नंबरों के माध्यम से रूट कर भारतीय नागरिकों को निशाना बनाए जाने का आरोप है। आशंका है कि इस नेटवर्क के जरिए देश और विदेश में बैठे साइबर अपराधी मिलकर ठगी की वारदातों को अंजाम दे रहे थे।
कई राज्यों तक फैले नेटवर्क की जांच
इस मामले के तार गुजरात, असम और गोवा समेत कई राज्यों से जुड़ने की जानकारी सामने आई है। क्राइम ब्रांच की साइबर यूनिट अब बरामद सिम बॉक्स, उनमें इस्तेमाल किए गए सिम कार्ड और कॉल रूटिंग नेटवर्क की गहन जांच में जुटी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस नेटवर्क के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं और इसका संचालन कहां से किया जा रहा था।
2021 बैच की आईपीएस अधिकारी किरण यादव के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई को साइबर अपराध के खिलाफ लखनऊ पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है। जांच आगे बढ़ने के साथ इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और ठिकानों के बारे में भी खुलासे होने की संभावना है।

