भिवंडी में ट्रेलर की चपेट में आने से युवक की मौत, दो दोस्त घायल

भिवंडी

एसटी बस डिपो के सामने देर रात हादसा; स्टील से भरे ट्रेलर के नीचे कुचलने से गई जान

भिवंडी में एसटी बस डिपो के सामने रविवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में 25 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार उसके दो दोस्त घायल हो गए। मृतक की पहचान डुंगे गांव निवासी रितिकेश कमलाकर पाटील के रूप में हुई है।


पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, रितिकेश अपने दो दोस्तों के साथ भिनार में डेकोरेशन का काम खत्म कर बाइक से घर लौट रहा था। रविवार रात करीब 3 बजे तीनों एसटी बस डिपो के सामने पहुंचे। इसी दौरान सड़क किनारे खड़ी एक रिक्शा और स्टील से भरे ट्रेलर के बीच से बाइक निकालने की कोशिश में चालक का संतुलन बिगड़ गया। बाइक अनियंत्रित होकर ट्रेलर की चपेट में आ गई। इस हादसे में रितिकेश ट्रेलर के नीचे कुचल गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके दोनों दोस्त घायल हो गए।घटना की सूचना मिलते ही शांतिनगर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए स्व. इंदिरा गांधी उपजिला अस्पताल भेज दिया है। ट्रेलर को कब्जे में लेकर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।इस हादसे ने शहर में सड़क किनारे बेतरतीब ढंग से खड़े वाहनों और लगातार संकरी होती सड़कों की समस्या को एक बार फिर उजागर कर दिया है। शहर के भीतर भारी वाहनों की आवाजाही भी हादसों का खतरा बढ़ा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *