दो अलग-अलग हमले, युवक पर चाकू से वार तो दूसरे की नाक-माथे की हड्डी टूटी

भिवंडी

पद्मानगर और वळपाडा में मारपीट की घटनाएं; पुराने विवाद में पांच पर केस, झगड़े का कारण पूछने पर चार युवकों ने किया हमला

विशेष संवाददाता | भिवंडी

भिवंडी शहर में मारपीट और हमले की दो अलग-अलग घटनाओं से हड़कंप मच गया है। पद्मानगर में पुराने विवाद को लेकर 24 वर्षीय युवक की पांच लोगों ने कथित तौर पर बेरहमी से पिटाई कर दी, जिसमें उसके माथे और नाक की हड्डी टूट गई। वहीं, वळपाडा में युवकों के बीच चल रहे झगड़े का कारण पूछने पर 21 वर्षीय युवक पर चाकू से हमला कर उसे घायल कर दिया गया। दोनों मामलों में पुलिस ने कुल नौ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। फिलहाल किसी की गिरफ्तारी की जानकारी नहीं है।
                 पुलिस के अनुसार, 31 अक्टूबर की शाम करीब 4:45 बजे पद्मानगर स्थित दर्शन होटल के पास पवनकुमार मोहन चिट्टीपोल (24) अपनी महिला मित्र अक्षया के साथ मोटरसाइकिल पर बातचीत कर रहा था। इसी दौरान सागर शेरला ने अपने साथियों को बताया कि दो दिन पहले पवनकुमार की मोटरसाइकिल से एक लड़की को टक्कर लगी थी।
आरोप है कि इसके बाद संतोष और उसके तीन साथियों ने पवनकुमार से पूछताछ करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद बढ़ने पर एक आरोपी ने उसकी मोटरसाइकिल की चाबी निकाल ली। विरोध करने पर संतोष ने उसकी शर्ट पकड़कर किसी हथियार से माथे और नाक पर हमला कर दिया, जिससे दोनों जगह फ्रैक्चर हो गया।इसके बाद आरोपियों ने पवनकुमार को मोटरसाइकिल से नीचे खींचकर लात-घूंसों से पीटा और सड़क पर घसीटा। बीच-बचाव करने पहुंची उसकी महिला मित्र को भी धमकाया गया। आरोप है कि जाते समय सागर शेरला ने दोबारा दिखाई देने पर जान से मारने की धमकी दी।
इस मामले में कार्तिक मोहन चिट्टीपोल (22) की शिकायत पर भिवंडी शहर पुलिस स्टेशन में अपराध क्रमांक 843/2026 के तहत सागर शेरला, संतोष और तीन अन्य आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। जांच पुलिस उपनिरीक्षक संदीप रामराजे कर रहे हैं।

झगड़े का कारण पूछने पर युवक पर चाकू से हमला

दूसरी घटना 1 नवंबर की शाम करीब 7:30 बजे वळपाडा स्थित ग्लोब कॉम्प्लेक्स के सामने हुई। पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, भूमित वंदन पाटील (21) ने वहां दो युवकों के बीच हो रहे झगड़े का कारण पूछा था। आरोप है कि इस बात से नाराज होकर युवकों ने उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी।इसी दौरान कुलदीप गौतम (19) ने चाकू से भूमित के दाहिने हाथ की छोटी उंगली और अनामिका के बीच वार कर उसे घायल कर दिया। शिकायत में कुलदीप और आर्यन गुप्ता (18) पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
इस मामले में नारपोली पुलिस स्टेशन में अपराध क्रमांक 1309/2026 के तहत कुलदीप गौतम, आर्यन गुप्ता और उनके दो अन्य साथियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। जांच पुलिस नायक अमोल नवले कर रहे हैं।दोनों घटनाओं ने शहर में युवकों के बीच बढ़ते विवाद और मारपीट की घटनाओं को लेकर चिंता बढ़ा दी है। पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *