देशी शराब दुकान का लाइसेंस दिलाने के नाम पर 1.02 करोड़ की ठगी, आरोपी गिरफ्तार

ठाणे

भिवंडी क्राइम ब्रांच-2 की कार्रवाई; आरोपी के पास से 5 लाख रुपये नकद बरामद

भिवंडी देशी शराब दुकान का लाइसेंस दिलाने का झांसा देकर एक व्यक्ति से 1 करोड़ 2 लाख 17 हजार रुपये की ठगी करने के आरोप में ठाणे क्राइम ब्रांच की भिवंडी यूनिट-2 ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से 5 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपी की पहचान कल्पेश वसंत तारमाळे (पाटील) (32) निवासी पडलेगांव, शील डायघर, ठाणे के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने शिकायतकर्ता को देशी शराब दुकान का लाइसेंस दिलाने का भरोसा दिलाकर अपने जाल में फंसाया। इसके बाद अलग-अलग समय पर नकद और आरटीजीएस के माध्यम से कुल 1 करोड़ 2 लाख 17 हजार रुपये वसूल किए। आरोप है कि मोटी रकम लेने के बावजूद आरोपी ने न तो लाइसेंस दिलाया और न ही शिकायतकर्ता की रकम वापस की।इस मामले में उल्हासनगर पुलिस स्टेशन में अपराध क्रमांक 737/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(7), 318(4), 371(2) और 3(7) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।

  तकनीकी जांच के आधार पर गिरफ्तारी

मामले की गंभीरता को देखते हुए भिवंडी क्राइम ब्रांच यूनिट-2 के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक शीतल राऊत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी की तलाश की और उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के पास से 5 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। मामले की आगे की जांच क्राइम ब्रांच यूनिट-2 कर रही है।

   अन्य पीड़ितों से भी संपर्क की अपील

ठाणे पुलिस ने अपील की है कि यदि आरोपी ने किसी अन्य व्यक्ति को भी देशी शराब दुकान का लाइसेंस दिलाने का झांसा देकर ठगी की है, तो वह भिवंडी क्राइम ब्रांच यूनिट-2 से संपर्क कर शिकायत दर्ज कराए। पुलिस ने नागरिकों को सरकारी लाइसेंस और अन्य सुविधाएं दिलाने के नाम पर मिलने वाले प्रलोभनों से सतर्क रहने की सलाह दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *