5 हजार दीपों से जगमगाया मराडेपाडा का छत्रपति शिवाजी महाराज मंदिर, भव्य दीपोत्सव में उमड़े शिवभक्त

भिवंडी

धनतेरस पर शिवक्रांति प्रतिष्ठान ने किया आयोजन, महाआरती के साथ किला निर्माण प्रतियोगिता भी बनी आकर्षण

अब्दुल गनी खान| भिवंडी

भिवंडी के मराडेपाडा स्थित छत्रपति शिवाजी महाराज मंदिर में धनतेरस के अवसर पर भव्य दीपोत्सव का आयोजन किया गया। महाराष्ट्र के पहले छत्रपति शिवाजी महाराज मंदिर के रूप में पहचान रखने वाले इस मंदिर परिसर में करीब 5 हजार दीप प्रज्वलित किए गए। दीपों की रोशनी से पूरा मंदिर परिसर जगमगा उठा और भक्तिमय वातावरण देखने को मिला।

शिवक्रांति प्रतिष्ठान के संस्थापक राजूभाऊ चौधरी और मार्गदर्शक ह.भ.प. कैलास महाराज निचिते के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में सैकड़ों शिवभक्तों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। दीप प्रज्वलन के बाद छत्रपति शिवाजी महाराज की भव्य महाआरती की गई। इस दौरान पूरा परिसर शिवभक्ति और उत्साह से सराबोर रहा।

    शिवराय के चरणों में अर्पित किए दीप

शिवक्रांति प्रतिष्ठान के संस्थापक राजूभाऊ चौधरी ने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज के शौर्य, त्याग, स्वाभिमान और राष्ट्रनिष्ठा की स्मृतियों को नमन करते हुए उनके चरणों में दीप अर्पित करने की भावना से दीपोत्सव आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि शिवराय के विचार और आदर्श समाज को सदैव प्रेरणा देते रहेंगे।

    किला निर्माण प्रतियोगिता बनी आकर्षण

दीपोत्सव के दौरान भव्य किला निर्माण प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। इसमें तालुका के विभिन्न युवा मंडलों ने आकर्षक किलों का निर्माण कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। उत्कृष्ट किले तैयार करने वाले मंडलों को शिवक्रांति प्रतिष्ठान की ओर से पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

इस ऐतिहासिक और भक्तिमय आयोजन में शिवक्रांति प्रतिष्ठान ट्रस्ट के सभी ट्रस्टी, आजीवन सदस्य, पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में शिवप्रेमी और शिवभक्त अपने परिवारों के साथ शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *