भिवंडी से ठाणे पहुंचना होगा आसान, 2027 के अंत तक तैयार होगा गायमुख-पायगांव क्रीक ब्रिज

ठाणे महाराष्ट्र

975.58 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा 6.5 किमी लंबा पुल, पाइलिंग का काम 95% पूरा; दो घंटे का सफर 15-20 मिनट में सिमटने की उम्मीद

भिवंडी से ठाणे, मीरा-भाईंदर और वसई के बीच आवागमन करने वाले वाहन चालकों के लिए बड़ी राहत मिलने वाली है। गायमुख-पायगांव क्रीक ब्रिज परियोजना का निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। करीब 975.58 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस 6.5 किलोमीटर लंबे पुल का पाइलिंग कार्य 95 प्रतिशत पूरा हो चुका है। परियोजना के 2027 के अंत तक पूरा होने की उम्मीद है। पुल शुरू होने के बाद घोड़बंदर रोड के ट्रैफिक जाम से काफी हद तक छुटकारा मिलने और दो घंटे का सफर महज 15 से 20 मिनट में पूरा होने की संभावना है।


      पाइलिंग का काम 95 प्रतिशत पूरा

मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (एमएमआरडीए) के अनुसार, गायमुख से पायगांव के बीच करीब 6.509 किलोमीटर लंबे और 23.6 मीटर चौड़े क्रीक ब्रिज का निर्माण किया जा रहा है। पुल के लिए पानी और जमीन पर पिलर तैयार करने का पाइलिंग कार्य लगभग 95 प्रतिशत पूरा हो चुका है। हालांकि, परियोजना का कुल निर्माण कार्य अभी करीब 25 प्रतिशत पूरा हुआ है। अब पुल के ऊपर गर्डर और अन्य निर्माण कार्यों को गति दी जा रही है।

     घोड़बंदर रोड के जाम से मिलेगी राहत

फिलहाल ठाणे से भिवंडी, चिंचोटी और पायगांव होते हुए वसई जाने वाले वाहन चालकों को घोड़बंदर रोड के घाट सेक्शन से गुजरना पड़ता है। इस मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही के कारण अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है। व्यस्त समय में वाहन चालकों को सफर पूरा करने में करीब दो घंटे तक लग जाते हैं। क्रीक ब्रिज बनने के बाद वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध होगा और यही दूरी 15 से 20 मिनट में तय होने की उम्मीद है।

मुंबई और वसई से भी मजबूत होगी कनेक्टिविटी

गायमुख-पायगांव क्रीक ब्रिज मुंबई महानगर क्षेत्र की कई महत्वपूर्ण परिवहन परियोजनाओं को आपस में जोड़ने में अहम भूमिका निभाएगा। इसके जरिए कोस्टल रोड, विरार-अलीबाग मल्टीमॉडल कॉरिडोर, दिवा-वसई रेलवे लाइन, राष्ट्रीय राजमार्ग-48 और अंजुर-चिंचोटी रोड की कनेक्टिविटी बेहतर होगी। पुल के दोनों छोर पर सड़क संपर्क विकसित होने से ठाणे, भिवंडी, मीरा-भाईंदर और वसई के नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है।

भिवंडी के कारोबार को भी मिलेगा फायदा

भिवंडी देश के प्रमुख पावरलूम, औद्योगिक और लॉजिस्टिक्स केंद्रों में शामिल है। बेहतर सड़क कनेक्टिविटी मिलने से मालवाहक वाहनों की आवाजाही आसान होगी। परिवहन समय कम होने के साथ व्यापारियों और उद्योगों को भी लाभ मिलने की संभावना है। परियोजना पूरी होने के बाद घोड़बंदर रोड पर ट्रैफिक का दबाव कम होने और भिवंडी के आर्थिक एवं औद्योगिक विकास को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *