बोलीं- चंद्रशेखर जहां से विधानसभा चुनाव लड़ेंगे, मैं भी वहीं से उनके खिलाफ उतरूंगी; बड़ी पार्टी से मिला ऑफर
विशेष संवाददाता
भीम आर्मी प्रमुख और सांसद चंद्रशेखर आजाद की पूर्व गर्लफ्रेंड रोहिणी घावरी ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। उन्होंने हस्तिनापुर विधानसभा सीट से चुनाव मैदान में उतरने का फैसला किया है। खास बात यह है कि आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद भी हस्तिनापुर सीट से चुनाव लड़ने की तैयारी में हैं। ऐसे में रोहिणी घावरी की चुनावी घोषणा ने इस सीट पर राजनीतिक मुकाबले को लेकर चर्चाएं तेज कर दी हैं।

रोहिणी घावरी ने स्पष्ट कहा है कि चंद्रशेखर आजाद जिस विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे, वह भी उसी सीट से उनके खिलाफ मैदान में उतरेंगी। उन्होंने दावा किया कि हस्तिनापुर से चुनाव लड़ने के लिए उन्हें एक बड़ी राजनीतिक पार्टी की ओर से ऑफर भी मिला है।
राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण है हस्तिनापुर सीट
मेरठ जिले की हस्तिनापुर विधानसभा सीट का उत्तर प्रदेश की राजनीति में खास महत्व माना जाता है। चुनावी इतिहास के मुताबिक, 1969 के विधानसभा चुनाव को छोड़ दें तो 1957 से अब तक इस सीट से जिस पार्टी का विधायक चुना गया, प्रदेश में भी उसी पार्टी की सरकार बनी। यही वजह है कि हस्तिनापुर विधानसभा सीट के चुनावी परिणामों पर राजनीतिक दलों की विशेष नजर रहती है।
ऐसे में आगामी विधानसभा चुनाव में हस्तिनापुर सीट पर चंद्रशेखर आजाद और रोहिणी घावरी के संभावित आमने-सामने आने की चर्चा ने राजनीतिक माहौल को और दिलचस्प बना दिया है।

