भिवंडी में FDA का बड़ा छापा, 2.06 करोड़ रुपये के खाद्य पदार्थ जब्त; कंपनी का लाइसेंस रद

भिवंडी

आयात खाद्य पदार्थों की एक्सपायरी डेट, मैन्युफैक्चरिंग डेट और MRP से छेड़छाड़ का आरोप; थिनर और स्टैंपिंग मशीन बरामद

अब्दुल गनी खान| भिवंडी

भिवंडी ग्रामीण क्षेत्र में खाद्य पदार्थों की पैकेजिंग पर फर्जीवाड़े का गंभीर मामला सामने आया है। महाराष्ट्र के खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने गोपनीय सूचना के आधार पर DXP Ventures India Pvt. Ltd. के गोदाम पर छापा मारकर 2 करोड़ 6 लाख 21 हजार 243 रुपये मूल्य के खाद्य पदार्थ जब्त किए हैं। आरोप है कि कंपनी के गोदाम में आयातित खाद्य पदार्थों के पैकेट पर दर्ज मूल मैन्युफैक्चरिंग डेट, एक्सपायरी डेट और अधिकतम खुदरा मूल्य (MRP) को थिनर से मिटाकर दोबारा प्रिंट किया जा रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए FDA ने 19 नवंबर को कंपनी का खाद्य व्यवसाय लाइसेंस निलंबित कर दिया।

  थिनर से मिटाकर बदली जा रही थीं तारीखें

FDA के ठाणे विभाग-10 के सहायक आयुक्त योगेश ढाणे को मिली गोपनीय जानकारी के बाद 18 और 19 नवंबर को कंपनी के गोदाम और प्रतिष्ठान पर छापेमारी की गई। आयुक्त (खाद्य सुरक्षा) डॉ. तुकाराम मुंढे के मार्गदर्शन में हुई इस कार्रवाई के दौरान मौके से थिनर, तारीख और MRP दोबारा छापने वाली स्टैंपिंग मशीनें तथा अन्य संबंधित सामग्री बरामद की गई। शुरुआती जांच में खाद्य पदार्थों के पैकेट पर अनिवार्य रूप से दर्ज की जाने वाली जानकारियों में अनधिकृत बदलाव किए जाने की बात सामने आई है।

           14 तरह के खाद्य पदार्थ जब्त

कार्रवाई के दौरान स्पार्कलिंग वॉटर, एनर्जी ड्रिंक, सऊदी कॉकटेल, सोडा, प्रीमियम सोडा वॉटर, जिंजर सोडा और A2 बिलोना देसी घी सहित कुल 14 प्रकार के खाद्य पदार्थ जब्त किए गए। जब्त माल की घोषित कीमत 2,06,21,243 रुपये बताई गई है। प्रशासन ने पूरे स्टॉक को अपने नियामक नियंत्रण में रखा है। अब उत्पादों की संख्या, पैकेजिंग, लेबल और संबंधित दस्तावेजों की जांच की जा रही है।

ग्राहकों की सेहत से हो सकता था खिलवाड़

FDA के अनुसार, खाद्य पदार्थों की उत्पादन और एक्सपायरी तारीख में बदलाव से ग्राहकों की सेहत को खतरा हो सकता है। इससे खाद्य पदार्थ की वास्तविक गुणवत्ता, उसकी सुरक्षित उपयोग अवधि और कीमत को लेकर उपभोक्ता गुमराह हो सकते हैं। साथ ही किसी उत्पाद में गड़बड़ी सामने आने पर उसकी पहचान और बाजार से उसे वापस मंगाने की प्रक्रिया भी प्रभावित हो सकती है।

प्राथमिक जांच में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की धारा 23, 26 और 27 के तहत नियमों के उल्लंघन का मामला सामने आया है। सक्षम लाइसेंस प्राधिकारी और सहायक आयुक्त योगेश ढाणे ने सार्वजनिक स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए कंपनी का खाद्य व्यवसाय लाइसेंस निलंबित कर दिया है। इस कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी के. वाय. चिपलूणकर और ए. वी. कांडेलकर शामिल रहे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि खाद्य पदार्थों की पैकेजिंग पर अनिवार्य जानकारी से छेड़छाड़ और खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *