वंजारपट्टी नाका स्थित ए.के. शोरमा दुकान पर मनपा की तोड़क कार्रवाई, दुकान की टपरी जब्त
उल्टी-दस्त और बुखार की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराए गए मरीज, संख्या बढ़ने की आशंका
विशेष संवाददाता| भिवंडी
भिवंडी में एक बार फिर शोरमा खाने से फूड पॉइजनिंग का मामला सामने आया है। वंजारपट्टी नाका इलाके में स्थित ए.के. शोरमा दुकान से शोरमा खाने के बाद बच्चों समेत 17 लोगों की तबीयत बिगड़ गई। सभी को उल्टी, दस्त, जी मिचलाने और बुखार की शिकायत होने पर भिवंडी के इंदिरा गांधी उपजिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना के बाद खाद्य सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। आशंका जताई जा रही है कि मरीजों की संख्या और बढ़ सकती है।

अस्पताल की अधीक्षक माधवी पंधारे ने बताया कि वंजारपट्टी इलाके में ए.के. शोरमा दुकान से शोरमा खाने के बाद लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी। इसके बाद परिजन उन्हें उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे। अब तक कुल 17 मरीज भर्ती हुए हैं। इनमें छोटे बच्चे भी शामिल हैं। डॉक्टरों की टीम सभी मरीजों का उपचार कर रही है। फिलहाल सभी की हालत सामान्य बताई जा रही है।
शिकायत मिलते ही मनपा की कार्रवाई, दुकान की टपरी जब्त
घटना की जानकारी मिलते ही भिवंडी महानगरपालिका प्रशासन हरकत में आ गया। सहायक आयुक्त गिरीश गोष्टेकर, बीट निरीक्षक हनुमान म्हात्रे, स्वास्थ्य विभाग की टीम, निजामपुर पुलिस और खाद्य एवं औषधि प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। मनपा प्रशासन ने ए.के. शोरमा दुकान के खिलाफ तोड़क कार्रवाई करते हुए दुकान की टपरी जब्त कर ली। वहीं, निजामपुर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। खाद्य एवं औषधि प्रशासन की ओर से शोरमा के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे जाने की जानकारी भी सामने आई है।
जून में 107 लोग हुए थे फूड पॉइजनिंग के शिकार
भिवंडी में शोरमा और पिज्जा खाने से फूड पॉइजनिंग की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले जून महीने में खंडूपाड़ा इलाके की एक चर्चित शोरमा दुकान से शोरमा और पिज्जा खाने के बाद करीब 107 लोग फूड पॉइजनिंग का शिकार हुए थे। इतनी बड़ी घटना के बावजूद शहर में खाद्य पदार्थों की बिक्री और उनकी गुणवत्ता पर प्रभावी निगरानी नहीं होने से प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।
कार्रवाई के साथ नियमित निगरानी की मांग
शहर में बार-बार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने खाद्य सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। नागरिकों का सवाल है कि खुले में खाद्य पदार्थ बेचने वाली दुकानों और शोरमा-पिज्जा विक्रेताओं पर समय रहते कार्रवाई क्यों नहीं की जाती? लोगों ने मनपा और खाद्य एवं औषधि प्रशासन से मांग की है कि केवल घटना के बाद तोड़क कार्रवाई करने के बजाय खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, साफ-सफाई और दुकानों में इस्तेमाल होने वाली सामग्री की नियमित जांच की जाए। साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों के खिलाफ सख्त और स्थायी कार्रवाई हो, ताकि नागरिकों की सेहत के साथ खिलवाड़ रोका जा सके।

