अब्दुल गनी खान
भिवंडी निजामपुर शहर महानगर पालिका क्षेत्र के नागांव इलाके में घर में सो रहे मां बेटे पर जर्जर इमारत के स्लैब का प्लास्टर गिर गया।जिसके मलबे में दबने से छह माह के बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई।जबकि उसकी मां घायल हो गई।इस घटना के बाद मनपा द्वारा शहर में जर्जर इमारतों पर कार्रवाई न किए जाने से आगामी समय से इससे भी बड़े हादसे की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता है।

स्थानीय नागांव स्थित सागर प्लाजा होटल के पास स्थित अंसारी अपार्टमेंट नामक चार मंजिला इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर शमीम अंसारी अपने परिवार के साथ पिछले एक वर्षों से भाड़े पर रहते है।रात को वह किसी कार्य से घर से बाहर गए थे।जबकि उसकी पत्नी व छह माह का मासूम बच्चा घर में रात में सो रहा था। इसी दौरान सुबह करीब 3 बजे अचानक घर के ऊपर से स्लैब का प्लास्टर सोते समय मां बेटे के ऊपर गिरने से दोनों घायल हो गए।हादसे की जानकारी लगते ही आस पास के लोगों ने दोनो को इलाज के लिए स्व इंदिरा गांधी उपजिला अस्पताल ले गए।जहां पर बच्चे की खराब स्थिति को देखते हुए ठाणे के सिविल अस्पताल में भेज दिया गया।जहां इलाज के दौरान छह महीने के शोएब अंसारी की मौत हो गई है। जबकि बच्चे की मां शमा परवीन अंसारी (36) घायल है। हादसा की जानकारी मिलते ही शांतिनगर पुलिस मौके पर पहुंचकर घटना की जांच शुरू कर दी है।मनपा सूत्रों के अनुसार हादसे वाली बिल्डिंग जर्जर घोषित कर उसे एक वर्ष पहले ही नोटिस भेजा गया था।जिसके बाद बिल्डिंग की मरम्मत कर लोग इसमें रह रहे है।