नगरसेविका के पति ने खाली कुर्सी से जताया विरोध, महापौर के कक्ष में सुरक्षा व्यवस्था पर भी उठे सवाल
विशेष संवाददाता भिवंडी
भिवंडी महानगरपालिका में महिला नगरसेविकाओं के कामकाज में उनके पतियों के कथित हस्तक्षेप का मामला अब महापौर के कक्ष तक पहुंच गया है। सोमवार को नगरसेविका नगमा सिद्दीकी के पति सुल्तान सिद्दीकी ने महापौर नारायण चौधरी की गैरमौजूदगी में उनके कक्ष में पहुंचकर महापौर की कुर्सी खींच दी और उसके सामने बैठकर अपने वार्ड की बदहाल सड़कों की समस्या उठाई। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद महानगरपालिका मुख्यालय में हलचल मच गई।
जानकारी के अनुसार, सुल्तान सिद्दीकी महापौर के कक्ष में पहुंचे और वहां मौजूद सुरक्षा कर्मियों की अनदेखी करते हुए महापौर की कुर्सी खींचकर निचे बैठ गए। इस दौरान उन्होंने अपने वार्ड की सड़कों की खराब स्थिति और नागरिकों की समस्याओं का मुद्दा उठाया। घटना का वीडियो सामने आने के बाद यह मामला चर्चा का विषय बन गया।

ताजा घटनाक्रम पर नाराजगी जताते हुए महापौर नारायण चौधरी ने प्रशासन से संबंधित व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शहर के विकास कार्यों के लिए वे प्रतिबद्ध हैं और किसी के दबाव में निर्णय नहीं लेंगे।
इस घटना के बाद महानगरपालिका मुख्यालय की सुरक्षा व्यवस्था, महापौर कक्ष की मर्यादा और निर्वाचित महिला जनप्रतिनिधियों के अधिकार क्षेत्र में उनके परिजनों के कथित हस्तक्षेप को लेकर बहस तेज हो गई है।

