अब्दुल गनी खान
भिवंडी। भिवंडी शहर पुलिस स्टेशन में हाल ही में नियुक्त किए गए तेज़तर्रार पुलिस इंस्पेक्टर विक्रम मोहते का समाज सेवक इरफान हदीश अंसारी द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर स्थानीय नागरिकों और समाजसेवियों ने भी इंस्पेक्टर मोहते के स्वागत में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।

ज्ञात हो कि इंस्पेक्टर विक्रम मोहते इससे पहले भिवंडी शांतिनगर पुलिस स्टेशन में अपनी सेवाएँ दे चुके हैं। वहाँ उन्होंने अपने कार्यकाल में नशा विरोधी मुहिम चलाकर समाज विरोधी तत्वों, नशा तस्करों और माफियाओं पर कड़ा प्रहार किया था। उनके सख़्त कदमों के चलते कई अपराधी सलाखों के पीछे पहुँचे और स्थानीय नागरिकों ने राहत की साँस ली थी।

इंस्पेक्टर मोहते की कार्यशैली, उनकी निष्पक्षता और अपराधों के प्रति ज़ीरो टॉलरेंस नीति ने उन्हें जनता का चहेता बना दिया है। अब एक बार फिर उनकी नियुक्ति भिवंडी शहर पुलिस स्टेशन में होने से नशाखोरी में लिप्त लोगों एवं माफिया तत्वों में हड़कंप मचा हुआ है। वहीं आम जनता और सामाजिक संगठनों में नई उम्मीदें जाग उठी हैं कि मोहते की अगुवाई में शहर में कानून-व्यवस्था और भी मजबूत होगी।

समाजसेवक इरफान हदीश अंसारी ने इस अवसर पर कहा कि “विक्रम मोहते जैसे ईमानदार और कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी का भिवंडी शहर में आना हमारे लिए सौभाग्य की बात है। उनसे समाज को बहुत अपेक्षाएँ हैं और हमें विश्वास है कि वे अपराधियों पर कड़ा शिकंजा कसते रहेंगे।”
भिवंडीवासियों का मानना है कि इंस्पेक्टर मोहते की नियुक्ति से शहर में अपराधों पर अंकुश लगेगा और नशाखोरी जैसी बुराइयों का खात्मा होगा।
उक्त मौके पर इरफान अंसारी, ज़ावेद खान,ज़ाकिर मोमिन, अब्दुल गनी खान मौजूद थे।

