अब्दुल गनी खान (भिवंडी)
आषाढ़ी एकादशी के पावन अवसर पर पूरा महाराष्ट्र विट्ठलमय वातावरण से सराबोर है। इसी श्रृंखला में भिवंडी शहर के एन. ई. एस. इंग्लिश मीडियम स्कूल द्वारा आषाढ़ी वारी के उपलक्ष्य में प्रधानाध्यापिका मानसी राजे के नेतृत्व में छोटे-छोटे बच्चों की एक भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया।

पिछले दो दिनों से शहर में हो रही लगातार बारिश के बावजूद, इस यात्रा में नन्हें-मुन्नों का उत्साह बेहद आनंददायक और मनमोहक था।
प्राथमिक विभाग की पहली से चौथी कक्षा के सैकड़ों छात्र-छात्राएं पारंपरिक वेशभूषा में सजे-धजे नजर आए। छात्राओं ने सिर पर तुलसी वृंदावन उठाया हुआ था, जबकि छात्रों ने भगवान विट्ठल और माता रुक्मिणी का रूप धारण किया था। बारिश की परवाह किए बिना बच्चे ताल-मंजीरों की धुन पर विट्ठल नाम का जयघोष करते हुए, भगवा ध्वज लहराते और लेज़िम खेलते हुए इस शोभायात्रा समारोह का आनंद ले रहे थे।स्कूल परिसर से शुरू हुई यह डिंडी यात्रा ‘वाणी आली’ स्थित प्रसिद्ध विट्ठल मंदिर पहुँचकर संपन्न हुई। इस डिंडी के माध्यम से विद्यार्थियों ने पर्यावरण संतुलन बनाए रखने का महत्वपूर्ण संदेश भी दिया।इस पूरे डिंडी समारोह को सफलतापूर्वक आयोजित और संपन्न कराने में स्कूल के शिक्षकों तथा गैर-शिक्षक कर्मचारियों ने विशेष परिश्रम और योगदान दिया।

