अब्दुल गनी खान
भिवंडी। रौशनबाग वार्ड में लंबे समय से लंबित गटर एवं चेंबर ब्लॉक की समस्या को दूर करने के लिए क्षेत्र के लोकप्रिय सांसद सुरेश म्हात्रे (बालिया मामा) ने 35 लाख रुपये की सांसद निधि देकर बड़ी राहत प्रदान की है। निधि मंज़ूर होते ही मनपा प्रशासन ने मरम्मत और सफाई का कार्य तेजी से शुरू कर दिया है।

इस उपलब्धि के लिए स्थानीय समाजसेवक इरफान हदीस अंसारी तथा युवा कार्यकर्ताओं ने सांसद सुरेश म्हात्रे का पुष्पगुच्छ देकर सम्मान किया। मौके पर सांसद के हाथों वार्ड में शुरू किए जा रहे विकास कार्यों का भूमिपूजन भी संपन्न हुआ।
नागरिकों ने बताया कि गटर और चेंबर ब्लॉक की खराब स्थिति के कारण लंबे समय से पानी रुकने, दुर्गंध फैलने और आवागमन में बाधा जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था। सांसद निधि मिलने के बाद इस समस्या से शीघ्र राहत मिलने की उम्मीद है।

इस अवसर पर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार) भिवंडी शहर अध्यक्ष शोएब खान, महिला अध्यक्ष स्वाती ताई कांबले, युवा अध्यक्ष हारून खान, कांग्रेस पार्टी शहर अध्यक्ष रशीद ताहिर मोमिन, नगरसेवक वसीम अंसारी, नुमान खान, शकीर पापा, सहित बड़ी संख्या में वार्ड के नागरिक उपस्थित थे। समाजसेवक इरफान अंसारी एवं रौशनबाग मोहल्ले के निवासियों ने सांसद सुरेश म्हात्रे द्वारा उपलब्ध कराई गई निधि के लिए हार्दिक आभार व्यक्त किया है।

