विशेष संवाददाता
छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित जिले दांतेवाड़ा में पदस्थ महिला डीएसपी कल्पना वर्मा एक गंभीर विवाद में घिर गई हैं। स्थानीय व्यापारी दीपक टंडन ने उन पर अवैध संबंधों के नाम पर करोड़ों रुपये वसूलने का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
शिकायत के अनुसार, टंडन और डीएसपी वर्मा की मुलाकात वर्ष 2021 में हुई थी, जिसके बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं। व्यापारी का दावा है कि इसी संबंध का दबाव बनाकर उनसे लगभग दो करोड़ रुपये, एक महंगी डायमंड रिंग, सोने की चेन, लग्ज़री गाड़ी, तथा एक होटल की रजिस्ट्री डीएसपी के भाई के नाम करवाने की मांग की गई।

टंडन का कहना है कि लगातार हो रही मांगों और धमकियों से परेशान होकर उन्होंने घर के विवादों के बीच अंततः पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने अपने दावों के समर्थन में व्हाट्सऐप चैट, बैंक ट्रांजेक्शन रसीदें और अन्य दस्तावेज भी पुलिस को सौंपे हैं।
शिकायत मिलने के बाद दांतेवाड़ा एसपी ने मामले की जांच के आदेश जारी कर दिए हैं।
इधर, डीएसपी कल्पना वर्मा ने इन सभी आरोपों को झूठा और निराधार बताया है। उनका कहना है कि उन्हें बदनाम करने की साजिश के तहत यह शिकायत दर्ज कराई गई है।
पुलिस विभाग ने मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है और जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

