कहा, पति को शराब पिलाकर 15 लाख की जमीन को मात्र चार लाख में बहलाकर करा लिया बैनामा
विशेष संवाददाता गोरखपुर
उत्तरप्रदेश के गोरखपुर जिले के बारीगांव में जालसाजी के तहत कुछ भूमाफियाओं द्वारा 15 लाख की जमीन को मात्र 4 लाख में बैनामा कराए जाने का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है।जमीन बेचने वाले व्यक्ति की पत्नी ने आरोप लगाया है कि उसके पति को शराब पिलाकर व बहला फुसलाकर उनकी जमीन को कौड़ियों के भाव खरीद लिया गया है।उन्होंने पुलिस पर भी पक्षपात का आरोप लगाया है।महिला ने राज्य के सीएम से इसकी लिखित शिकायत कर आरोपियों पर कार्रवाई कर न्याय की गुहार लगाई है।

उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ को दिए निवेदन में बारीगांव निवासी सोनमती देवी पत्नी वंशी बेलदार ने बताया है कि वह अनुसूचित जाति की गरीब महिला है। उनकी पुस्तैनी जमीन को गाँव के राजेश यादव पुत्र रामदुलारे यादव ,सन्तोष सिंह उर्फ पिन्टू रणविजय सिंह व रामानन्द नामक व्यक्ति ने शराब पिलाकर जालसाजी व धोखाधड़ी के तहत प्रलोभन देकर जमीन गाटा सं० 1108 रकबा 0.125 जो करीब 31 डिसमिल जमीन है उसे कागजों में हेरफेर करके निहाल पासवान पुत्र नेवास पासवान निवासी ग्राम पाली टोला पोस्ट- मोहरीपुर, गोरखपुर के नाम से फर्जी तौर से बैनामा करा दिया।उन्होंने बताया है कि मेरे पति अनपढ़ है इसलिए जहां उक्त लोग कहां उन्होंने वहां अपना अंगूठा लगा दिया।जब इस बारे में उनका लड़का राजेश द्वारा पूछताछ किया तो पता चला कि उनके पति वंशी को राजेश यादव रोजाना शराब पिलाने के लिए पैसा देते थे और उन्होंने हमारी जमीन लिखवा लिया है। हरनाई तहसील में जांच करने पर पता चला कि उक्त लोग षडयन्त्र करके 15 लाख की जमीन को मात्र 4 लाख में लिखवा लिया है। सोनमती देवी ने बताया कि जमीन विक्री की जानकारी होने के बाद 3 जनवरी 2026 को 11 बजे दिन उन्होंने उक्त लोगों से इस बारे में पूछताछ करने गई तो तीनों न सिर्फ उन्हें जातिवाचक गालियां दी,बल्कि जान से मारने की धमकी भी दी।जिसकी लिखित शिकायत उन्होंने सिकरीगंज थाना के थानाध्यक्ष से की,लेकिन उन्होंने कोई कार्रवाई नहीं की।जिसके बाद महिला ने मुख्यमंत्री को इस पूरे प्रकरण की जानकारी देते हुए धोखाधड़ी के इस मामले में रपट दर्ज करके चारों आरोपियों के विरुद्ध कानूनी कार्यवाही की मांग करते हुए न्याय की गुहार लगाई है।

