तीन सगे भाइयों ने चचेरे भाई की चाकू घोंपकर की हत्या,क्षेत्र में सनसनी
विशेष संवाददाता
भिवंडी के न्यू आज़ाद नगर में स्थित निज़ाम होटल के पास रिश्ते को तार तार करने वाली घटना प्रकाश में आई है।जहां पर मौसेरी बहन और उसके पति के आपसी विवाद में बीच-बचाव करना एक युवक को भारी पड़ गया। इसी रंजिश को लेकर तीन सगे भाइयों ने साजिश रचकर अपने ही चचेरे भाई की रास्ते में घेरकर चाकू से गोदकर हत्या कर दी। इस घटना के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।

शांतिनगर पुलिस स्टेशन के सीनियर पीआई विनायक गायकवाड़ ने बताया कि न्यू आजाद नगर झोपड़पट्टी निवासी गुलजार मकबूल अहमद शहा (25) ने शांतिनगर पुलिस स्टेशन में दर्ज शिकायत में बताया है कि 25 जनवरी को उसकी मौसेरी बहन और उसके पति के बीच विवाद हुआ था, जिसमें उसके भाई दिलशाद मकबूल अहमद शहा (23) ने झगड़े को छुड़ाने हेतु मध्यस्थता की थी। इसी बात को लेकर उसके चचेरे भाई आसीफ अब्दुलहकीम शहा (20), अलीहसन अब्दुलहकीम शहा (23) और मुझफ्फर अब्दुलहकीम शहा (25) नाराज़ थे।जिसके बाद उन्होंने आपस में मिलकर घर जाते समय दिलशाद को रास्ते में रोक लिया। आरोप है कि आसीफ ने चाकू से दिलशाद के सीने और शरीर के अन्य हिस्सों पर कई वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे लोगों को धमकाकर तीनों आरोपी भाई मौके से फरार हो गए।इसके बाद दिलशाद को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही शांतीनगर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया।साथ ही फॉरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंच कर हत्या के बाद सबूत जुटाने में जुट गई है।गुलजार की शिकायत पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।जांच शुरू कर दी है। इस घटना के बाद न्यू आज़ाद नगर परिसर में दहशत का माहौल है। दिनदहाड़े हुई इस हत्या से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। इस घटना की जांच पुलिस निरीक्षक विनोद पाटिल कर रहे हैं।

