‘जेनरोबोट’ द्वारा सफाई कार्य का हुआ सफल परीक्षण
अब्दुल गनी खान
भिवंडी शहर की ड्रेनेज व्यवस्था और मैनहोल की सफाई को अब और अधिक सुरक्षित और आधुनिक बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। मैनहोल की सफाई के दौरान होने वाले हादसों को रोकने और स्वच्छता अभियान को गति देने के लिए भिवंडी मनपा अब रोबोटिक तकनीक का सहारा ले सकता है।

इसी सिलसिले में सोमवार को केरल की ‘जेनरोबोट’ कंपनी द्वारा अशोक नगर इलाके में एक विशेष डेमो दिया गया। मैनहोल काफी गहरे होते हैं, जहाँ इंसानों द्वारा सफाई करना न केवल कठिन है बल्कि जानलेवा भी साबित हो सकता है। यह रोबोटिक प्रणाली मुख्य सड़कों के साथ-साथ शहर की संकरी गलियों में स्थित मैनहोल की सफाई करने में भी सक्षम है। कंपनी के प्रतिनिधियों के अनुसार, इस अत्याधुनिक जेनरोबोट सिस्टम की कीमत लगभग 1 करोड़ 9 लाख रुपये है।
इस रोबोटिक मशीन का परीक्षण देखने के लिए महापौर नारायण चौधरी, पार्षद एडवोकेट वैभव भोईर, फराज बाहुद्दीन, अतिरिक्त आयुक्त विठ्ठल डाके, उपायुक्त विक्रम दराडे और स्वच्छता विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
“मैनहोल की गहराई के कारण वहां सफाई के लिए मानव शक्ति का उपयोग करना जोखिम भरा होता है। जीवन हानि की संभावना को टालने के लिए ऐसी मशीनों की आवश्यकता है। हमने इसका डेमो देखा है और अब प्रशासन व जनप्रतिनिधियों के साथ चर्चा कर इसे खरीदने पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।”
नारायण चौधरी
महापौर
भिवंडी मनपा

