एलपीजी संकट के बीच ठाणे में केरोसीन का सहारा, प्रति परिवार 3 लीटर मिलेगा

ठाणे महाराष्ट्र

अब्दुल गनी खान
ठाणे, 27 मार्च: एलपीजी गैस की कमी से जूझ रहे उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए केंद्र सरकार ने केरोसीन वितरण की अस्थायी व्यवस्था लागू की है। मौजूदा भू-राजनीतिक परिस्थितियों के चलते पैदा हुए गैस संकट के बीच यह फैसला लिया गया है। 12 मार्च 2026 के आदेश के तहत महाराष्ट्र को कुल 37.44 लाख लीटर केरोसीन आवंटित किया गया है, जिसमें से 48 हजार लीटर ठाणे जिले के हिस्से में आया है।

जिला प्रशासन के अनुसार, इस योजना के तहत प्रति पात्र परिवार 3 लीटर केरोसीन दिया जाएगा। वितरण मुख्य रूप से अंत्योदय अन्न योजना (AAY) और प्राथमिकता परिवार (PHH) राशन कार्डधारकों को किया जाएगा। हालांकि उपलब्धता के आधार पर श्वेत राशन कार्डधारकों को भी इसमें शामिल किया जा सकता है।

प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि जिन परिवारों के पास राशन कार्ड नहीं है, वे भी योजना से वंचित नहीं रहेंगे। ऐसे परिवार ग्राम पंचायत का निवास प्रमाण पत्र दिखाकर केरोसीन प्राप्त कर सकते हैं। वहीं, प्रवासी मजदूर केंद्र या राज्य सरकार का पहचान पत्र प्रस्तुत कर इस सुविधा का लाभ उठा सकेंगे।

केरोसीन का वितरण उचित दर दुकानों और लाइसेंसधारी विक्रेताओं के माध्यम से किया जाएगा। जिन क्षेत्रों में केरोसीन विक्रेता उपलब्ध नहीं हैं, वहां के लोगों को नजदीकी गांव से अपना कोटा लेने के निर्देश दिए गए हैं।

ठाणे जिले के लिए आवंटित 48 किलोलीटर केरोसीन की आपूर्ति हेतु 4 टैंकरों की व्यवस्था की गई है। मार्च और अप्रैल 2026 के दौरान तालुका स्तर पर मांग के अनुसार इसका वितरण किया जाएगा। केरोसीन की कीमत को लेकर अलग से आदेश जल्द जारी किए जाएंगे।

जिलाधिकारी डॉ. श्रीकृष्ण पांचाल ने नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और प्रशासन द्वारा तय नियमों के अनुसार ही केरोसीन का उपयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *