मनपा में तबादलों की चर्चा से हलचल,‘मलाईदार पोस्टिंग’ पर बढ़ी सरगर्मी

भिवंडी

अब्दुल गनी खान
भिवंडी निजामपुर महानगरपालिका (मनपा) के प्रशासनिक गलियारों में इन दिनों बड़े पैमाने पर संभावित तबादलों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। पिछले करीब एक महीने से चल रही अटकलों ने कर्मचारियों और प्रभारी अधिकारियों के बीच असमंजस और चिंता का माहौल बना दिया है।

सूत्रों के मुताबिक, मनपा में प्रभारी सहायक आयुक्तों के साथ-साथ टैक्स, जनगणना और अन्य विभागों में व्यापक फेरबदल की तैयारी चल रही है। हालांकि अब तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन अंदरूनी चर्चाओं ने माहौल गर्म कर दिया है। बताया जा रहा है कि तबादला प्रक्रिया की जिम्मेदारी एक प्रभारी सहायक आयुक्त को सौंपी गई है।

इसी बीच, कर्मचारियों के बीच ‘मलाईदार’ विभागों में पोस्टिंग को लेकर हलचल और तेज हो गई है। चर्चा है कि कुछ कर्मचारी बेहतर पद पाने के लिए अनौपचारिक स्तर पर संपर्क साध रहे हैं, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

तबादलों की अनिश्चितता का असर कामकाज पर भी दिखने लगा है। कई अधिकारी अपने वर्तमान विभाग में पूरी एकाग्रता के साथ काम नहीं कर पा रहे हैं, जिससे प्रशासनिक कार्य प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।

कर्मचारियों का कहना है कि यदि तबादलों की प्रक्रिया पारदर्शी और स्पष्ट नीति के तहत की जाए, तो इस तरह की स्थिति से बचा जा सकता है। फिलहाल सबकी नजरें प्रशासन के अगले कदम पर टिकी हैं कि यह केवल नियमित प्रक्रिया है या इसके पीछे कोई और वजह है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *