अब्दुल गनी खान
भिवंडी: भिवंडी मनपा में स्थायी समिति सभापति चुनाव के साथ ही पांचों प्रभाग समितियों के सभापति पद के लिए भी चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई। सभी पांचों प्रभाग समितियों में सभापति निर्विरोध चुने गए। इनमें कांग्रेस और भाजपा को दो-दो समितियों पर सफलता मिली, जबकि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) ने एक समिति पर कब्जा जमाया।
मनपा मुख्यालय स्थित सभागार में गुरुवार को ठाणे जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं पीठासीन अधिकारी रणजीत यादव की अध्यक्षता में चुनाव प्रक्रिया पूरी की गई। नामांकन प्रक्रिया के दौरान प्रभाग समिति क्रमांक 1, 2 और 4 में केवल एक-एक उम्मीदवार ने नामांकन दाखिल किया था, जिससे वहां पहले ही निर्विरोध चुनाव तय हो गया था।

वहीं प्रभाग समिति क्रमांक 3 में दो उम्मीदवार मैदान में थे। यहां शिवसेना (शिंदे गुट) के उम्मीदवार संजय भोईर ने नामांकन वापस ले लिया, जिसके बाद भाजपा की रंजीता मोहन कोंडा निर्विरोध सभापति घोषित की गईं। इसी तरह प्रभाग समिति क्रमांक 5 में तीन उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया था, लेकिन दो प्रत्याशियों के नाम वापस लेने के बाद भाजपा के एडवोकेट वैभव एकनाथ भोईर निर्विरोध निर्वाचित हो गए।
प्रभाग समिति क्रमांक 1 में राष्ट्रवादी कांग्रेस (शरद) के हसन्ने फारूकी सभापति चुने गए। प्रभाग समिति 2 में कांग्रेस की तबसुम जाकिर बेग और प्रभाग समिति 4 में कांग्रेस की समीना मोहम्मद इमरान अंसारी निर्विरोध विजयी रहीं। वहीं भाजपा ने प्रभाग समिति 3 और 5 में जीत दर्ज करते हुए रंजीता मोहन कोंडा और एडवोकेट वैभव एकनाथ भोईर को सभापति पद दिलाया।
पांचों प्रभाग समितियों में निर्विरोध चुनाव होने से मनपा में राजनीतिक सहमति और रणनीतिक समझौते की भी चर्चा रही।

