बकरीद से पहले भिवंडी के स्लॉटर सेंटरों की सफाई और मरम्मत की मांग

भिवंडी

अब्दुल गनी खान
भिवंडी : आगामी बकरीद पर्व को देखते हुए राष्ट्रवादी युवक काँग्रेस पार्टी, शरदचंद्र पवार की ओर से शहर के दो स्लॉटर सेंटरों की मरम्मत, साफ-सफाई और औषधि छिड़काव कराने की मांग की गई है।

इस संबंध में पार्टी के भिवंडी शहर जिलाध्यक्ष हारुन खान ने भिवंडी-निजामपुर महानगरपालिका के स्वास्थ्य विभाग और प्रभाग समिति क्रमांक-3 को पत्र सौंपा है।
पत्र में कहा गया है कि आसबीबी मस्जिद के पास, कल्याण रोड स्थित स्लॉटर सेंटर तथा आनंद होटल के पीछे स्थित स्लॉटर हाउस में हर वर्ष की तरह इस बार भी बकरीद के मौके पर बड़ी संख्या में कुर्बानी की प्रक्रिया होगी। ऐसे में दोनों केंद्रों की समय रहते मरम्मत, रंगरोगन, साफ-सफाई और दवा छिड़काव किया जाना जरूरी है।
हारुन खान ने मनपा प्रशासन से मांग की है कि बकरीद से पहले दोनों स्लॉटर सेंटरों को दुरुस्त कर वहां स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े और स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं उत्पन्न न हों।
उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान स्वच्छ और व्यवस्थित व्यवस्था बनाए रखना मनपा प्रशासन की जिम्मेदारी है। स्थानीय नागरिकों ने भी समय रहते सफाई और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *