मो,रफीक खान (विशेष प्रतिनिधि)
बस्ती: जिले के लोहरौली गांव में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) में बड़े घोटाले के आरोप सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है। ग्रामीणों ने राशन कोटेदार पर गरीबों के हिस्से का अनाज बाजार में बेचने, कार्डधारकों को कम राशन देने और विरोध करने पर धमकी देने का आरोप लगाया है। मामले ने प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
ग्रामीणों के मुताबिक गांव के कोटेदार राज नरायन पात्र लाभार्थियों को निर्धारित मात्रा से कम राशन दे रहे हैं। आरोप है कि प्रति यूनिट करीब 2 किलो तक अनाज कम तौला जा रहा है। इससे गरीब परिवारों को हर महीने नुकसान उठाना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि जब कार्डधारकों ने घटतौली का विरोध किया तो कोटेदार ने अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और मारपीट पर उतारू हो गया। लोगों का आरोप है कि लंबे समय से राशन वितरण में अनियमितता चल रही है, लेकिन शिकायतों के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
मामले को लेकर गांव में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को लिखित शिकायत देकर पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। शिकायत में जिला स्तरीय टीम गठित कर राशन वितरण व्यवस्था की जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।
सूत्रों का दावा है कि तहसीलदार कार्यालय में बैठे शिधावाटप विभाग के कुछ अधिकारियों और एरिया इंस्पेक्टर की कथित मिलीभगत से यह खेल लंबे समय से चल रहा है। आरोप है कि प्रशासनिक संरक्षण मिलने के कारण कोटेदार खुलेआम नापतौल में गड़बड़ी कर रहा है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। वहीं प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि शिकायत की जांच कराई जाएगी और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

