जलभराव और करंट से हुई मौतों पर सपा ने उठाई आवाज, मृतकों के परिजनों को 25 लाख मुआवजा देने की मांग

भिवंडी

अब्दुल गनी खान
भिवंडी। हाल ही में भिवंडी शहर में जलभराव के कारण तीन मासूम बच्चों तथा करंट लगने से एक नागरिक की हुई दर्दनाक मौत के मामले को लेकर समाजवादी पार्टी के नगरसेवकों और पदाधिकारियों के प्रतिनिधिमंडल ने प्रांत अधिकारी अनिल परब एवं तहसीलदार अभिजीत खोले से मुलाकात कर मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता देने की मांग की।

प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए मांग की कि चारों मृतकों के प्रत्येक परिवार को 25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाए, ताकि इस कठिन समय में उन्हें आर्थिक संबल मिल सके। साथ ही भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी और ठोस कदम उठाने की भी मांग की गई।

इस अवसर पर समाजवादी पार्टी भिवंडी शहर अध्यक्ष अनस अंसारी, पार्टी के नगरसेवक तथा अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि बरसात के दौरान जलभराव और विद्युत सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर प्रशासन को विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है, ताकि नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

प्रांत अधिकारी अनिल परब एवं तहसीलदार अभिजीत खोले ने प्रतिनिधिमंडल की मांगों पर नियमानुसार उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *