कोहिनूर हादसे पर पूर्व विपक्ष नेता खालिद गड्डू का सरकार को अल्टीमेटम, 14 अगस्त को निकलेगा विशाल मोर्चा ।।

भिवंडी

10 मृतकों के परिवारों को 5-5 लाख रुपये तत्काल देने की मांग; दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन तेज करने की चेतावनी ।।
अब्दुल गनी खान
भिवंडी ।। भिवंडी के नारपोली स्थित कोहिनूर अपार्टमेंट हादसे में 10 लोगों की मौत के बाद पीड़ित परिवारों को न्याय और आर्थिक सहायता दिलाने की मांग को लेकर पूर्व विपक्षी पक्ष नेता मो. खालिद गड्डू ने आंदोलन का ऐलान किया है। उन्होंने सरकार और प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि पीड़ित परिवारों को केवल आश्वासन नहीं, बल्कि तत्काल आर्थिक सहायता और न्याय मिलना चाहिए।

खालिद गड्डू ने बताया कि 14 अगस्त 2026, शुक्रवार को दोपहर 3 बजे भिवंडी की जनता के साथ विशाल मोर्चा निकाला जाएगा। मोर्चा पुराने महानगरपालिका भवन के सामने स्थित डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर की प्रतिमा से शुरू होकर जकात नाका स्थित नई महानगरपालिका इमारत तक निकाला जाएगा।


10 परिवारों को 5-5 लाख रुपये देने की मांग ।।

खालिद गड्डू ने मांग की है कि कोहिनूर हादसे में जान गंवाने वाले सभी 10 मृतकों के परिवारों के बैंक खातों में तत्काल 5-5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता जमा की जाए। इसके साथ ही प्रभावित परिवारों के पुनर्वास, उपचार और अस्थायी आवास की समुचित व्यवस्था करने की मांग भी की गई है। उन्होंने कहा कि हादसे के लिए जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों की जवाबदेही तय कर उनके खिलाफ कठोर प्रशासनिक कार्रवाई के साथ कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।

‘इंसाफ नहीं मिला तो सरकार जिम्मेदार होगी’

पूर्व विपक्षी पक्ष नेता खालिद गड्डू ने स्पष्ट किया कि प्रस्तावित मोर्चा पूरी तरह शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से निकाला जाएगा। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने के लिए सभी कानूनी और लोकतांत्रिक माध्यमों का इस्तेमाल किया जाएगा। उन्होंने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि प्रभावित परिवारों को निर्धारित समय में उनका हक और न्याय नहीं मिला, तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। ऐसी स्थिति में पैदा होने वाले हालात की पूरी जिम्मेदारी सरकार और प्रशासन की होगी।

सिर्फ मुआवजा नहीं, जवाबदेही भी जरूरी ।।

कोहिनूर हादसे के बाद शहर में भवन सुरक्षा और प्रशासनिक निगरानी को लेकर सवाल उठ रहे हैं। खालिद गड्डू ने कहा कि भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए खतरनाक इमारतों की जांच, सुरक्षा ऑडिट और नियमित निगरानी की प्रभावी व्यवस्था तत्काल लागू की जानी चाहिए। 14 अगस्त का यह मोर्चा कोहिनूर हादसे के पीड़ित परिवारों को न्याय, मुआवजा और प्रशासनिक जवाबदेही की मांग को लेकर भिवंडी में एक बड़े जनदबाव के रूप में देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *