भिवंडी में अब सार्वजनिक जगहों पर कूड़ा फेंका तो लगेगा जुर्माना

भिवंडी

मनपा ने 5 कूड़ा-कचरा स्थलों को किया बंद, 24 घंटे तीन शिफ्टों में निगरानी; 200 से 10 हजार रुपये तक जुर्माने की चेतावनी

विशेष संवाददाता
भिवंडी शहर को कूड़ा-कचरा मुक्त बनाने के लिए मनपा प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। सार्वजनिक जगहों, फ्लाईओवर के नीचे और सड़कों के किनारे कूड़ा फेंकने वालों पर अब जुर्माना लगाया जाएगा। मनपा आयुक्त अनमोल सागर के निर्देश पर शहर के पांच प्रमुख कूड़ा-कचरा स्थलों को स्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। इन जगहों पर अब सफाईकर्मी तीन शिफ्टों में निगरानी करेंगे।

शहर की कई प्रमुख सड़कों और फ्लाईओवर के नीचे लंबे समय से कूड़ा जमा होने की शिकायतें मिल रही थीं। इससे दुर्गंध के साथ-साथ आसपास का वातावरण भी प्रभावित हो रहा था। सड़कों पर कचरे के ढेर के कारण शहर की तस्वीर भी खराब हो रही थी। इसे देखते हुए मनपा प्रशासन ने कूड़ा जमा करने वाले इन स्थानों को बंद करने का फैसला लिया है।

मनपा प्रशासन के अनुसार, पांचों प्रभाग समितियों के अंतर्गत मुख्य सड़कों पर स्थित कूड़ा-कचरा स्थलों को बंद किया गया है। इनमें सतर्कता बार के पास, अप्सरा सिनेमा-वेलकम होटल परिसर, मेट्रो पिलर के सामने रतन सिनेमा क्षेत्र, धामनकर नाका स्थित सनशाइन बिल्डिंग के पास और कीर्ति बार गली समेत पांच स्थान शामिल हैं।

मनपा के स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने इन स्थानों से जमा कचरा हटाकर सफाई शुरू कर दी है। वेलकम होटल के पास फ्लाईओवर के नीचे जमा कचरे को पिछले दो दिनों में पूरी तरह साफ किया गया। इसके बाद संबंधित जगह को कंक्रीट से भरकर दोबारा कचरा फेंकने की संभावना को खत्म करने की कोशिश की गई है।

कूड़ा-कचरा स्थलों को बंद करने के बाद मनपा प्रशासन ने वहां 24 घंटे निगरानी की व्यवस्था की है। सफाईकर्मी तीन शिफ्टों में तैनात रहेंगे, ताकि लोग दोबारा इन जगहों पर कचरा न फेंक सकें। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं की मदद से दुकानदारों और नागरिकों से भी सार्वजनिक स्थानों पर कचरा नहीं फेंकने की अपील की जा रही है।

मनपा प्रशासन ने नियमों का उल्लंघन करने वालों पर 200 रुपये से लेकर 10 हजार रुपये तक जुर्माना लगाने की चेतावनी दी है। अधिकारियों के मुताबिक, इन स्थानों पर कार्रवाई शुरू होने के बाद अब तक करीब 45 हजार रुपये का जुर्माना वसूला जा चुका है।

मनपा प्रशासन का कहना है कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखना केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं है। नागरिकों की भागीदारी भी उतनी ही जरूरी है। प्रशासन ने लोगों से कचरा निर्धारित स्थानों पर ही डालने और सार्वजनिक जगहों को साफ रखने में सहयोग करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *