नियुक्ति के बाद तुफैल अहमद फारूकी के कार्यालय में हुआ जोरदार स्वागत, पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं ने दी बधाई
अब्दुल गनी खान
भिवंडी : राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के भिवंडी शहर जिला अध्यक्ष शोएब अशफाक खान (गुड्डू) ने नसीम हनीफ खान को पार्टी का भिवंडी शहर जिला उपाध्यक्ष नियुक्त किया है। महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष शशिकांत शिंदे की मंजूरी के बाद जारी नियुक्ति पत्र में उन्हें नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। नियुक्ति की घोषणा के बाद पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा गया।

पार्टी की ओर से जारी नियुक्ति पत्र में उम्मीद जताई गई है कि नसीम हनीफ खान पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन में संगठन को मजबूत करने के साथ आम नागरिकों की समस्याओं और विकास से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाएंगे। उन्हें पार्टी की विचारधारा को जमीनी स्तर तक पहुंचाने और संगठन को मजबूत बनाने की जिम्मेदारी निभाने की अपेक्षा भी जताई गई है।
नियुक्ति पत्र के अनुसार नसीम खान पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शरदचंद्र पवार के विचारों को आगे बढ़ाते हुए सांसद सुप्रिया सुळे, मंत्री जितेंद्र आव्हाड और सांसद सुरेश गोपीनाथ म्हात्रे (बाल्या मामा) के मार्गदर्शन में काम करेंगे।
नियुक्ति के बाद जोरदार स्वागत
नियुक्ति पत्र प्राप्त होने के बाद नसीम हनीफ खान का तुफैल अहमद फारूकी के कार्यालय में जोरदार स्वागत किया गया। इस दौरान उन्हें फूलों का गुलदस्ता देकर शुभकामनाएं दी गईं। कार्यक्रम में तुफैल अहमद फारूकी, अफाक फारूकी समेत कई पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने नसीम खान को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि वे भिवंडी में पार्टी संगठन को मजबूत करने और आम लोगों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
शहर जिला अध्यक्ष शोएब खान (गुड्डू) ने भी नसीम खान को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि वे पार्टी की गतिविधियों को और गति देंगे तथा संगठन के विस्तार में महत्वपूर्ण योगदान करेंगे। पार्टी की ओर से पद और लेटरपैड के दुरुपयोग से बचने की हिदायत भी नियुक्ति पत्र में दी गई है।

