पदोन्नती प्रक्रिया 17 पदों की दुरुस्ती होने तक स्थगित रखने की भी किया आग्रह
भिवंडी-निजामपुर शहर महानगरपालिका के अधिकारी-कर्मचारियों को दीपावली के अवसर पर इस वर्ष 20 हजार रुपये सानुग्रह अनुदान देने की मांग भारतीय कामगार कर्मचारी महासंघ ने मनपा आयुक्त और महापौर से की है। महासंघ ने वर्ष 2025 में कर्मचारियों को दिए गए 14,500 रुपये के मुकाबले इस वर्ष अनुदान में बढ़ोतरी करने की मांग की है।

महासंघ के अध्यक्ष भानुदास भसाळे और महासचिव श्रीपद तांबे ने कहा कि पिछले वर्ष मनपा की आर्थिक स्थिति का हवाला देकर सानुग्रह अनुदान में कटौती की गई थी। इस वर्ष मनपा की आर्थिक स्थिति बेहतर होने की जानकारी मिलने के बाद प्रत्येक अधिकारी-कर्मचारी को 20 हजार रुपये अनुदान दिया जाना चाहिए।
इसके साथ ही महासंघ ने वर्ष 2022 में मंजूर सेवा शर्तों और आकृतिबंध में शामिल 17 पदों की दुरुस्ती पूरी होने तक पदोन्नति प्रक्रिया स्थगित रखने की मांग की है। महासंघ का कहना है कि इन पदों में संशोधन का प्रस्ताव शासन स्तर पर भेजा गया है, लेकिन अभी तक मंजूरी नहीं मिली है। ऐसे में पदोन्नति प्रक्रिया शुरू करने से कर्मचारियों की सेवाज्येष्ठता, पात्रता और पदोन्नति के अधिकारों को लेकर भविष्य में प्रशासनिक विवाद पैदा हो सकते हैं।इसलिए 17 पदों की दुरुस्ती को शासन से मंजूरी मिलने और संशोधित सेवा शर्तें व आकृतिबंध प्राप्त होने तक पदोन्नति प्रक्रिया रोकने तथा शासन स्तर पर इसके लिए लगातार पाठपुरावा करने की मांग महासंघ ने की है।

