अब्दुल गनी खान
भिवंडी: मुंबई-नासिक हाईवे पर पिंपलास गांव स्थित भूमी वर्ल्ड परिसर में गुरुवार को ‘आउटलेट मॉल ऑफ इंडिया’ का भव्य उद्घाटन किया गया। उद्घाटन के बाद मॉल को आम ग्राहकों के लिए खोल दिया गया। मॉल प्रबंधन का दावा है कि यहां देशी-विदेशी नामी ब्रांडों के उत्पादों पर पूरे वर्ष 70 फीसदी तक की छूट मिलेगी।

मॉल के मुख्य प्रवर्तक प्रकाश पटेल ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि ग्राहकों को फैशन, फुटवियर, स्पोर्ट्सवियर, एक्सेसरीज, घड़ियां, ज्वेलरी, बैग और अन्य लाइफस्टाइल उत्पाद एक ही छत के नीचे रियायती कीमतों पर उपलब्ध होंगे। इस दौरान उद्योगपति नानजी पटेल भी मौजूद रहे।
उन्होंने बताया कि खरीदारी के अलावा मॉल में फूड आउटलेट, परिवार के साथ समय बिताने के लिए आधुनिक सुविधाएं और मनोरंजन की व्यवस्था भी की गई है। इसे केवल शॉपिंग सेंटर नहीं, बल्कि एक संपूर्ण रिटेल और लाइफस्टाइल डेस्टिनेशन के रूप में विकसित किया गया है।
प्रकाश पटेल ने कहा कि मुंबई-नासिक हाईवे और समृद्धि महामार्ग से अच्छी कनेक्टिविटी होने के कारण यह मॉल बड़ी संख्या में ग्राहकों को आकर्षित करेगा। उन्होंने बताया कि भूमी वर्ल्ड परिसर में रोजगार के व्यापक अवसर उपलब्ध हो रहे हैं और मॉल में भर्ती के दौरान स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता दी जाएगी।

