भिवंडी में सरपंच साढ़े सात लाख की रिश्वत लेते गिरफ्तार, ACB ने बिछाया जाल

Blog

2.33 करोड़ रुपये के तालाब संरक्षण और सौंदर्यीकरण कार्य से जुड़ा मामला, ठेकेदार से गारंटी पत्र देने के बदले मांगी थी रकम

भिवंडी : ठाणे एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने भिवंडी के कारिवली ग्राम पंचायत के सरपंच संजय नाईक को साढ़े सात लाख रुपये की कथित रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। आरोप है कि ग्राम पंचायत क्षेत्र में 2 करोड़ 33 लाख रुपये की लागत से होने वाले तालाब संरक्षण एवं सौंदर्यीकरण कार्य के लिए ठेकेदार को गारंटी पत्र देने के बदले सरपंच ने रिश्वत की मांग की थी।

जानकारी के मुताबिक, संबंधित ठेकेदार ने इस मामले की शिकायत ठाणे एसीबी से की थी। शिकायत मिलने के बाद एसीबी की टीम ने मामले का सत्यापन किया। इस दौरान रिश्वत की मांग किए जाने की पुष्टि होने पर अधिकारियों ने जाल बिछाने की योजना बनाई।


इसके बाद एसीबी की टीम ने सरपंच के निजी कार्यालय में जाल बिछाया। आरोप है कि जैसे ही संजय नाईक ने ठेकेदार से साढ़े सात लाख रुपये की रिश्वत स्वीकार की, टीम ने उन्हें रंगेहाथ पकड़ लिया।

  भोईवाड़ा पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज

एसीबी की कार्रवाई के बाद सरपंच संजय नाईक के खिलाफ भिवंडी के भोईवाड़ा पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है। उन्हें गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।


2.33 करोड़ रुपये के विकास कार्य से जुड़े इस कथित रिश्वतखोरी मामले में ग्राम पंचायत के सरपंच की गिरफ्तारी से स्थानीय क्षेत्र में चर्चा तेज हो गई है। मामले में आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *