राबोडी का ‘काला समंदर’! गटर चोक, सड़क पर गंदा पानी; 48 घंटे का अल्टीमेटम

ठाणे

रवि मंजिल-अक्सा बिल्डिंग के सामने बदहाली से लोग परेशान, एडवोकेट जावेद शेख ने ठाणे नगर निगम को दी उग्र आंदोलन की चेतावनी

अब्दुल गनी खान ठाणे
ठाणे के राबोडी इलाके में गटर का पानी अब लोगों के लिए मुसीबत बन गया है। रवि मंजिल के पीछे और अक्सा बिल्डिंग के सामने मुख्य ड्रेनेज लाइन चोक होने से गंदा और काला पानी सड़क पर फैल गया है। सड़क पर जमा गंदे पानी के कारण पूरे इलाके में दुर्गंध और गंदगी का साम्राज्य बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने इस स्थिति को ‘राबोडी का काला समंदर’ नाम देते हुए ठाणे नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।

स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि जिस जगह ड्रेनेज लाइन चोक हुई है, वह स्थानीय नगरसेवक के कार्यालय से महज 100 मीटर की दूरी पर है। इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया। कई दिनों से सड़क पर गंदा पानी जमा होने के कारण राहगीरों और स्थानीय निवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सड़क पर गंदा पानी जमा होने से पूरे क्षेत्र में तेज दुर्गंध फैल रही है। वहीं, जमा पानी मच्छरों के लिए प्रजनन स्थल बन गया है। नागरिकों का कहना है कि इससे मलेरिया समेत अन्य बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। लोगों ने तत्काल दवा का छिड़काव और फॉगिंग कराने की मांग की है।
मामले को लेकर ठाणे नगर निगम आयुक्त और उथलसर प्रभाग समिति के सहायक आयुक्त को लिखित शिकायत दी गई है। ठाणे कांग्रेस नेता एडवोकेट जावेद शेख ने नगर निगम प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि अगले 48 घंटे में चोक गटर की सफाई कर सड़क की स्थिति सामान्य नहीं की गई, तो ठाणे कांग्रेस की ओर से नगर निगम के खिलाफ सड़कों पर उतरकर जोरदार आंदोलन किया जाएगा।
स्थानीय नागरिकों और कांग्रेस की ओर से मांग की गई है कि अक्सा बिल्डिंग और रवि मंजिल क्षेत्र की चोक ड्रेनेज लाइन को तत्काल साफ किया जाए और सड़क पर जमा गंदा पानी हटाया जाए। इसके साथ ही पूरे इलाके में दवा का छिड़काव और फॉगिंग कराई जाए तथा ड्रेनेज लाइन की स्थायी मरम्मत की जाए, ताकि बार-बार पैदा होने वाली इस समस्या से नागरिकों को राहत मिल सके।

अब सवाल यह है कि 48 घंटे के अल्टीमेटम के बाद ठाणे नगर निगम कार्रवाई करता है या ‘राबोडी के काले समंदर’ को लेकर आंदोलन का सामना करना पड़ेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *