दोस्तो के साथ मुंबई घूमने गया था युवक,असावधानी के कारण दुर्घटना का हुआ शिकार
अब्दुल गनी खान भिवंडी
दोस्तों के साथ मुंबई घूमने निकले भिवंडी के 17 वर्षीय युवक की लोकल ट्रेन से गिरने के कारण दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान मोहम्मद फाजील शफीक अंसारी के रूप में हुई है। हादसे के बाद उसके परिवार में मातम पसरा है।

जानकारी के अनुसार, भिवंडी के बाला कंपाउंड इलाके में रहने वाला फाजील अपने दोस्त के साथ मुंबई घूमने के लिए निकला था। दोनों पहले भिवंडी से कल्याण पहुंचे और वहां से मुंबई जाने वाली लोकल ट्रेन में सवार हुए। ट्रेन जब कलवा स्टेशन के आसपास पहुंची, उस समय फाजील ट्रेन के दरवाजे के पास खड़ा था।अचानक हाथ फिसलने से उसका संतुलन बिगड़ गया और वह चलती लोकल ट्रेन से नीचे गिर गया। हादसे में उसके सिर में गंभीर चोट आई। फाजील को ट्रेन से गिरता देख उसका दोस्त भी उसकी मदद के लिए नीचे उतर गया। सूचना मिलने के बाद आरपीएफ की मदद से फाजील को तत्काल घाटकोपर स्थित राजावाड़ी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
परिवार का बड़ा बेटा था फाजील
फाजील अपने माता-पिता का बड़ा बेटा था। उसके परिवार में माता-पिता और एक छोटा भाई है। जवान बेटे की अचानक मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घटना के बाद बाला कंपाउंड इलाके में भी शोक का माहौल है।रेलवे पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है।

