विशेष संवाददाता
भिवंडी में इन दिनों चोरी की वारदात में बेतहाशा वृद्धि होने से दहशत का माहौल व्याप्त है।स्थानीय काल्हेर इलाके बांगर नगर में अज्ञात चोरों ने एक फ्लैट का ताला तोड़कर घर में घुसपैठ की और सोने के आभूषणों समेत नकदी पर हाथ साफ कर दिया।इसी तरह कामतघर इलाके में बाद फ्लैट का ताला तोड़कर चोरों ने दो मोबाइल व सोने के आभूषण चुराकर फरार हो गए।वही राजनोली इलाके में कार का शीशा तोड़कर चोरों ने लैपटॉप चुराकर फरार हो गए।पुलिस ने चोरी के तीनों ही वारदात में आरोपियों की तलाश शुरू कर दिया है।
पुलिस के अनुसार काल्हेर इलाके के रॉयल प्लाजा अपार्टमेंट के एक बंद फ्लैट का 18 जनवरी की सुबह करीब 3:30 बजे से 4:30 बजे के बीच मुख्य दरवाजे में लगे ताले को तोड़ कर अज्ञात चोरों ने घर में प्रवेश किया और बेडरूम की आलमारी और बेड में रखे सोने के गहनों व नकद रकम सहित कुल कीमत करीब 3 लाख 69 हजार रुपये का सामान चुराकर फरार हो गए।इस मामले में प्रतिक्षा संदेश म्हात्रे (40) की शिकायत पर नारपोली पुलिस अज्ञात चोरों पर केस दर्ज की है। इस घटना के बाद आसपास के रहवासियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। स्थानीय नागरिकों ने इलाके में रात्रि गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
दो मोबाइल व सोने की चेन चुराने वाला एक आरोपी गिरफ्तार
भिवंडी के कामतघर इलाके में स्थित शिवाजीनगर निवासी दयानंद शोभाकांत मिश्र ( 58) ने पुलिस में दर्ज शिकायत में बताया कि आरोपियों ने उनके घर की ऊपरी मंजिल के कमरे का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया और अलमारी में रखे दो मोबाइल फोन तथा सोने की चेन चोरी कर ली। चोरी गए सामान की कीमत करीब 25,000 रुपये बताई गई है।जिनकी शिकायत पर भिवंडी शहर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में 28 जनवरी को सुबह 9:45 बजे के आसपास एक आरोपी अनिल हर्डीकर को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका एक साथी रोहित झा फरार बताया जा रहा है। पुलिस ने फरार आरोपी की तलाश तेज कर दी है।
राजनोली में कार का शीशा तोड़कर लैपटॉप चोरी, भोईवाड़ा में सैलून विवाद में मारपीट
इसी तरह कल्याण–भिवंडी रोड पर राजनोली इलाके में स्थित पटेल मार्ट और उत्सव लॉज के सामने 16 जनवरी 2026 की रात 9 से 9:35 बजे के बीच खड़ी एक कार का कांच तोड़कर अज्ञात चोरों ने कार में रखा डेल कंपनी का लैपटॉप (मॉडल INS 3501) चोरी कर लिया। चोरी गए लैपटॉप की कीमत करीब 10 हजार रुपये बताई गई है। साथ ही कार को भी नुकसान पहुंचाया गया है। कोनगांव पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर अज्ञात आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। भोईवाड़ा पुलिस थाना क्षेत्र के फक्की कंपाउंड स्थित एक हेयर कटिंग सैलून में मारपीट की घटना सामने आई है। इस मामले में मोहम्मद कैफ नईम अहमद अंसारी (23) ने फैसल मोमीन और वाहिद मोमीन के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।

