SIR अभियान पर सपा की मांग, मतदाता पुनरीक्षण की समय-सीमा बढ़ाने की अपील

भिवंडी मुंबई

अब्दुल गनी खान
भिवंडी: महाराष्ट्र में चल रहे विशेष गहन मतदाता पुनरीक्षण (SIR) अभियान को लेकर समाजवादी पार्टी ने चुनाव आयोग से दस्तावेज़ी प्रक्रिया आसान करने और अभियान की समय-सीमा बढ़ाने की मांग की है। पार्टी ने कहा है कि मौजूदा प्रक्रिया में गरीब, मजदूर और ग्रामीण क्षेत्रों के मतदाताओं को दस्तावेज़ जुटाने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

समाजवादी पार्टी के महाराष्ट्र अध्यक्ष अबू आसिम आज़मी, भिवंडी शहर (जिला) अध्यक्ष मोहम्मद अनस अंसारी सहित अन्य पदाधिकारियों ने चुनाव आयोग को ज्ञापन देकर मांग की कि पात्र मतदाताओं का नाम सूची से न हटे और प्रक्रिया को अधिक सरल व पारदर्शी बनाया जाए।

ज्ञापन में मांग की गई है कि वर्ष 2002 से पहले के सरकारी रिकॉर्ड, स्कूल प्रमाणपत्र, घरपट्टी, राशन कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड और आधार कार्ड जैसे दस्तावेजों को मान्यता दी जाए। साथ ही बीएलओ द्वारा अपनाई जा रही अलग-अलग प्रक्रियाओं को समाप्त कर पूरे राज्य में एक समान दिशा-निर्देश लागू करने की मांग की गई है।

सपा ने कहा कि बारिश और बाढ़ की स्थिति के कारण कई क्षेत्रों में घर-घर सत्यापन और दस्तावेज़ जमा करना मुश्किल हो रहा है। इसलिए 29 जुलाई 2026 तक निर्धारित SIR अभियान की अवधि को कम से कम दो महीने बढ़ाया जाए, ताकि कोई भी पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *