दीवार तोड़कर ज्वेलर्स में चोरी, लाखों के जेवर उड़ाए

भिवंडी

अंजूर फाटा की पद्मावती ज्वेलर्स में वारदात, सीसीटीवी में कैद हुए चोर; पुलिस जांच में जुटी

भिवंडी: महाराष्ट्र के भिवंडी शहर के अंजूर फाटा स्थित पद्मावती ज्वेलर्स में चोरों ने फिल्मी अंदाज में सेंधमारी कर लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।

जानकारी के अनुसार, दो चोर पहले ज्वेलर्स की दुकान से सटी सीमेंट की दुकान में पीछे की तरफ से दाखिल हुए। वहां की दीवार तोड़ने के बाद दोनों ने ज्वेलर्स की दुकान की दीवार में सुराख कर अंदर प्रवेश किया।

बताया जा रहा है कि रात करीब 2 बजे से 3 बजे के बीच चोर करीब एक घंटे तक दुकान के अंदर रहे और चोरी की वारदात को अंजाम दिया। दुकानदार के मुताबिक, चोर करीब 5 से 6 किलो चांदी के आभूषण और 50 से 60 ग्राम सोने के जेवर लेकर फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए, जबकि आरोपियों की तलाश के लिए डॉग स्क्वॉड की मदद ली जा रही है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी जांच और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान की जा रही है। वहीं, वारदात के बाद व्यापारियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। कारोबारियों ने क्षेत्र में रात की गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *