महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) पेपर लीक मामले में ठाणे पुलिस की जांच लगातार नए खुलासे कर रही है। इसी क्रम में पुलिस ने हरियाणा निवासी हरी ओम और नई दिल्ली निवासी पवन यादव को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किए जाने के बाद सोमवार तक पुलिस कस्टडी में भेज दिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, इस बहुचर्चित मामले में अब तक कुल 12 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। इससे पहले गिरफ्तार किए गए छह आरोपियों में से चार को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है, जबकि कपिल दहिया और संजय शनिवार तक पुलिस कस्टडी में हैं।

जांच एजेंसियों के अनुसार, हरी ओम और पवन यादव का पेपर लीक से जुड़े आर्थिक लेन-देन में अहम रोल सामने आया है। प्रारंभिक जांच में यह भी पता चला है कि दोनों आरोपी शुरुआत से ही पूरे षड्यंत्र का सक्रिय हिस्सा थे और कथित पेपर लीक नेटवर्क के संचालन में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। इसी आधार पर उनके खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों की गिरफ्तारी के बाद जांच को और गति दी गई है। अब जांच का केंद्र इस संगठित गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों, उनके नेटवर्क और वित्तीय लेन-देन की परतें खोलना है। अधिकारियों का मानना है कि आगे की पूछताछ में पेपर लीक रैकेट से जुड़े कई और अहम खुलासे सामने आ सकते हैं।
आरोपियों के अधिवक्ता शैलेश गायकवाड ने बताया कि पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से अदालत ने उन्हें सोमवार तक पुलिस कस्टडी में भेजने का आदेश दिया।

