अब्दुल गनी खान
भिवंडी: राष्ट्रीय स्तर की मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट यूजी 2026 के परिणाम घोषित होने के बाद भिवंडी के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। स्वामी विवेकानंद हाई स्कूल एंड जूनियर कॉलेज से बारहवीं की पढ़ाई पूरी करने वाले प्रतिभाशाली छात्र शेख वामिक अब्दुल वदूद ने अपनी पहली ही कोशिश में 596 अंक प्राप्त कर उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। इस शानदार प्रदर्शन के बल पर उन्होंने ऑल इंडिया रैंक (AIR) 11470 वाॅ रैंक प्राप्त करते हुए अपने माता-पिता, शिक्षकों और पूरे शहर का नाम रोशन किया है।

शेख वामिक अब्दुल वदूद की यह सफलता उनकी निरंतर मेहनत, लगन और अध्ययन के प्रति समर्पण का परिणाम है। नीट जैसी अत्यंत प्रतिस्पर्धी परीक्षा में पहली ही कोशिश में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त करना उनकी असाधारण प्रतिभा का प्रमाण है तथा यह अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत है।
उल्लेखनीय है कि शेख वामिक के पिता अब्दुल वदूद मोहम्मद दीन शेख भिवंडी के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान अमजदिया हाई स्कूल में शिक्षक के रूप में सेवाएँ दे रहे हैं। बेटे की इस उपलब्धि से परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई है, वहीं शहर के शैक्षणिक एवं सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने भी इस सफलता की सराहना की है।
शेख वामिक अब्दुल वदूद की इस शानदार उपलब्धि पर रईस हाई स्कूल एंड जूनियर कॉलेज के पूर्व उप-प्रधानाचार्य अब्दुल अज़ीज़ अंसारी, सलाहुद्दीन अय्यूबी हाई स्कूल के पूर्व शिक्षक खान ज़ाकिर हुसैन सहित अनेक शिक्षकों, मित्रों और गणमान्य व्यक्तियों ने उन्हें तथा उनके माता-पिता को हार्दिक बधाई दी। साथ ही उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आशा व्यक्त की है कि वे एक कुशल चिकित्सक बनकर समाज, देश और मानवता की सेवा करेंगे।

