अनुपस्थित पाए गए 15 सपाई कर्मचारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई के आदेश
विशेष संवाददाता
भिवंडी मनपा आयुक्त अनमोल सागर ने 22 जुलाई को पुरानी इमारत में स्थित स्वास्थ्य विभाग के स्वच्छता केबिन का अचानक दौराकर कामकाज का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पता चला कि कुल 21 सफाईकर्मियों में से 15 बिना किसी अनुमति के अनुपस्थित थे, जिससे प्रशासन में हलचल मच गई है।

अचानक हुए इस निरीक्षण में उपस्थिति रजिस्टर और उपस्थित कर्मचारियों की जाँच की गई।जिसमें बड़ी संख्या में कर्मचारी बिना किसी पूर्व अनुमति या वैध कारण के अनुपस्थित थे। इस पर गंभीरता से ध्यान देते हुए आयुक्त ने संबंधित विभागाध्यक्षों को अनुपस्थित कर्मचारियों के खिलाफ तत्काल अनुशासनात्मक कार्रवाई करने का आदेश दिया। आयुक्त ने यह भी निर्देश दिया कि अधिकारी और कर्मचारी नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण स्वच्छता सेवाएं प्रदान करने के लिए समय और कर्तव्यों का सख्ती से पालन करें।मनपा के विभिन्न विभागों में इसी तरह के अचानक निरीक्षण जारी रहेंगे और बिना कारण अनुपस्थित रहने वाले या काम में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।इस प्रकार की चेतावनी मनपा आयुक्त अनमोल सागर ने दी है।जिसके बाद मनमानी तरीके से अनुपस्थित रहने वाले कर्मचारियों में कार्रवाई की आशंका को लेकर हड़कंप मच गया है।

