ओसवाल वाड़ी में महावीर चौक से मिलन अपार्टमेंट तक बनेगी कंक्रीट सड़क, स्थानीय पार्षद नीलेश चौधरी के प्रयासों से मिली मंजूरी
अब्दुल गनी खान
भिवंडी। भिवंडी निजामपुर शहर महानगरपालिका क्षेत्र के ताडाली-अंजूर फाटा स्थित ओसवाल वाड़ी परिसर में सड़क कंक्रीटीकरण कार्य का शुभारंभ रविवार सुबह पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री कपिल पाटील के हाथों भूमिपूजन कर किया गया। स्थानीय नगरसेवक नीलेश चौधरी के प्रयासों से मंजूर इस परियोजना के तहत महावीर चौक से मिलन अपार्टमेंट तक आंतरिक सड़क का कंक्रीटीकरण किया जाएगा। इससे क्षेत्र के नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है।
भूमिपूजन कार्यक्रम में महाराष्ट्र एवं गोवा बार काउंसिल के सदस्य एडवोकेट हर्षल पाटील, नगरसेवक सुमित पाटील, प्रभाग समिति सभापति एडवोकेट वैभव भोईर, समाजसेवक साईनाथ पवार, नगरसेवक नीलेश चौधरी, भारती चौधरी, दिव्या पाटील, पूर्व नगरसेवक हनुमान चौधरी, अस्मिता चौधरी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।

इस अवसर पर कपिल पाटील ने कहा कि मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के रूप में कार्य करने के बाद दोबारा मुख्यमंत्री बने देवेंद्र फडणवीस ने भिवंडी शहर के विकास पर विशेष ध्यान दिया है। शहर में सड़क कंक्रीटीकरण, मेट्रो और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी परियोजनाओं के लिए करोड़ों रुपये की मंजूरी दी गई है।
उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल में शुरू हुई विकास कार्यों की श्रृंखला आज भी जारी है, यह संतोष की बात है। ओसवाल वाड़ी में सड़क कंक्रीटीकरण पूरा होने के बाद स्थानीय नागरिकों का सफर अधिक सुविधाजनक होगा और उन्हें आवागमन में होने वाली परेशानियों से राहत मिलेगी।

