अब्दुल गनी खान
भिवंडी: पिछले दिनों हुई मूसलाधार बारिश के दौरान शहर के कई नदी किनारे, बड़े नालों के आसपास और निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनने के बाद अब बाढ़ प्रबंधन को लेकर सवाल उठने लगे हैं। नगरसेवक खान अब्दुल रहमान (सद्दाम भाई) ने भिवंडी निजामपुर शहर महानगरपालिका आयुक्त को पत्र देकर बाढ़ प्रभावित और जोखिम वाले क्षेत्रों का तत्काल सर्वेक्षण कराने तथा पुलिस विभाग के साथ बेहतर समन्वय व्यवस्था तैयार करने की मांग की है।

नगरसेवक ने अपने पत्र में कहा है कि भारी बारिश के दौरान भिवंडी के कई नदी किनारे, बड़े नालों के आसपास और निचले इलाकों में पानी भर गया था। ऐसे क्षेत्र भविष्य में भी बाढ़ के लिहाज से संवेदनशील बने हुए हैं, जिससे नागरिकों की सुरक्षा को गंभीर खतरा पैदा हो सकता है। उन्होंने आगामी बारिश को देखते हुए अभी से रोकथाम के उपाय करने की आवश्यकता जताई है।
पत्र में आरोप लगाया गया है कि पिछले महीने भिवंडी पुलिस विभाग ने बाढ़ प्रबंधन और नागरिकों की सुरक्षा के लिए महानगरपालिका से 50 सुरक्षा रक्षक (वार्डन बॉय) उपलब्ध कराने की मांग की थी, लेकिन इस मांग पर मनपा प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। नगरसेवक ने इसे पुलिस विभाग और महानगरपालिका के बीच समन्वय की कमी बताते हुए कहा कि आपदा के समय ऐसी लापरवाही गंभीर परिणामों का कारण बन सकती है।
खान अब्दुल रहमान (सद्दाम भाई) ने महानगरपालिका प्रशासन से मांग की है कि नदी और बड़े नालों के किनारे स्थित सभी बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का तत्काल सर्वे कराया जाए। इसके साथ ही पुलिस विभाग के साथ संयुक्त आपदा प्रबंधन व्यवस्था तैयार कर संवेदनशील इलाकों में आवश्यक सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की जाए।
उन्होंने कहा कि नागरिकों की जान-माल की सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसलिए बाढ़ जैसी आपात स्थिति से निपटने के लिए पहले से प्रभावी योजना बनाकर उसे जमीन पर लागू करना जरूरी है।

