अब्दुल गनी खान
भिवंडी। लोक हिंद पार्टी के अध्यक्ष बदीउज़्ज़मान खान ने नागरिकों से स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) के तहत अपने परिवार का सही पंजीकरण कराने और निर्धारित समय में फॉर्म भरने की अपील की है। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया में लापरवाही भविष्य में सरकारी और कानूनी परेशानियों का कारण बन सकती है, इसलिए प्रत्येक नागरिक को इसे गंभीरता से लेना चाहिए।

बिलाल नगर में अंजुमन इत्तेहाद एजुकेशन एंड वेलफेयर सोसाइटी तथा भिवंडी एक्शन फोर्स के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित मार्गदर्शन एवं काउंसलिंग कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बदीउज़्ज़मान खान ने कहा कि बूथ लेवल अधिकारी (BLO) नागरिकों की सहायता और मार्गदर्शन के लिए उपलब्ध हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अधिकारियों का सहयोग करें और परिवार के प्रत्येक सदस्य का विवरण सही एवं पूर्ण रूप से दर्ज कराएं।
उन्होंने नागरिकों से अपने आसपास के क्षेत्र पर भी सतर्क नजर रखने की अपील की। उनका कहना था कि यदि किसी क्षेत्र में कोई विदेशी नागरिक रह रहा हो और उसके संबंध में कोई जानकारी हो, तो इसकी सूचना संबंधित प्रशासन को दी जानी चाहिए, ताकि कानून के अनुसार आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
बदीउज़्ज़मान खान ने कहा कि सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करना सभी नागरिकों की जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से अपने दस्तावेजों और पारिवारिक विवरणों की शुद्धता सुनिश्चित करने का आग्रह किया। साथ ही कहा कि वर्तमान प्रक्रिया के संदर्भ में केवल आधार कार्ड, पैन कार्ड, राशन कार्ड या पासपोर्ट होना ही पर्याप्त नहीं माना जा सकता, इसलिए SIR प्रक्रिया को पूरी गंभीरता से पूरा करना आवश्यक है।
कार्यक्रम में अय्यूब शेख, कासिम अंसारी, अशफ़ाक अंसारी, मुमताज़ अंसारी, एडवोकेट फैज़ान खान, सिराज अंसारी, मुस्तकीम अंसारी, अशफ़ाक भोपाली, कैफ़ शेख सहित लोक हिंद पार्टी के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

