स्व,बालासाहेब ठाकरे उड़ानपुल पर भीषण हादसा, कार ने तीन बाइक को मारी टक्कर

भिवंडी

एक बाइक सवार पुल से नीचे गिरा, मौत; दो अन्य बाइक सवार घायल, कार चालक भी जख्मी

अब्दुल गनी खान
भिवंडी-कल्याण रोड स्थित स्वर्गीय बालासाहेब ठाकरे उड़ानपुल पर बुधवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार ने सामने से आ रही तीन बाइक को एक के बाद एक टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक बाइक सवार उछलकर उड़ानपुल से नीचे सड़क पर जा गिरा। हादसे में उसकी मौत हो गई, जबकि दो अन्य बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। कार चालक के भी घायल होने की जानकारी सामने आई है।

पुलिस के अनुसार, तीन दोस्त अलग-अलग बाइक से बुधवार सुबह ड्यूटी पर जा रहे थे। इसी दौरान ओवरटेक करने के प्रयास में सामने से आ रही तेज रफ्तार वैगर आर कार (एमएच 04 एलबी 6270) ने एक के बाद एक तीनों बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में एक बाइक सवार पुल से नीचे जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं, दो अन्य बाइक सवार भी दुर्घटना में घायल हुए। टक्कर के कारण कार और तीनों बाइक क्षतिग्रस्त हो गईं।

हादसे की सूचना मिलते ही शांतिनगर पुलिस और शहर यातायात पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने एक घायल को मृत घोषित कर दिया। दो अन्य घायलों का उपचार जारी है। कार चालक के भी घायल होने की जानकारी मिली है। फिलहाल मृतक और घायलों की पहचान की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

हादसे के कारण उड़ानपुल पर कुछ समय के लिए यातायात व्यवस्था प्रभावित रही। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने और यातायात व्यवस्था बहाल करने में यातायात पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। इसके बाद यातायात को सुचारु किया गया। पुलिस दुर्घटना के कारणों और कार चालक की भूमिका की जांच कर रही है।

उड़ानपुल पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उठे सवाल

बालासाहेब ठाकरे उड़ानपुल पर लगातार हो रहे हादसों को लेकर स्थानीय नागरिकों में चिंता और नाराजगी बढ़ रही है। लोगों का कहना है कि पुल पर पर्याप्त सड़क सुरक्षा उपाय नहीं होने के कारण वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा बना रहता है।

स्थानीय नागरिकों के मुताबिक, पुल पर सड़क की स्पष्ट सफेद पट्टियां (लेन मार्किंग) नहीं हैं। इसके अलावा गति सीमा और रफ्तार नियंत्रण से संबंधित पर्याप्त सूचना फलक भी नहीं लगाए गए हैं। लोगों ने पुल पर मजबूत रेलिंग और क्रैश बैरियर लगाने की मांग की है, ताकि दुर्घटना की स्थिति में वाहन या बाइक सवार पुल से नीचे न गिरें।

इसके साथ ही स्थानीय लोगों ने पुल पर स्पीड लिमिट बोर्ड, स्पीड कैमरे, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और लेन अनुशासन सुनिश्चित करने की मांग की है। नागरिकों का कहना है कि पुल पर सड़क सुरक्षा के इन उपायों को तत्काल लागू किया जाना चाहिए, ताकि भविष्य में होने वाले गंभीर हादसों को रोका जा सके।

अब देखना होगा कि इस हादसे के बाद प्रशासन और संबंधित विभाग उड़ानपुल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कोई ठोस कदम उठाते हैं या नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *