धोबी तालाब इलाके में मैदान को डंपिंग ग्राउंड बनाने की शिकायत, कचरा तत्काल हटाने की मांग
भिवंडी: धोबी तालाब स्थित परशुराम टावरे स्टेडियम के मैदान में पिछले कई महीनों से बड़ी मात्रा में कचरा डंप किए जाने का आरोप लगाया गया है। इस संबंध में शिवसेना के अल्पसंख्यक विभाग सचिव (भिवंडी पश्चिम) जावेद खान ने भिवंडी निजामपुर शहर महानगरपालिका आयुक्त और प्रभाग समिति क्रमांक-4 के सहायक आयुक्त को लिखित शिकायत देकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
1 सितंबर को दिए गए शिकायत पत्र में जावेद खान ने आरोप लगाया है कि स्टेडियम के अंदर मनपा की ओर से लगातार कचरा जमा किया जा रहा है। शहर के विभिन्न हिस्सों से इकट्ठा किया गया कचरा ट्रकों और घंटागाड़ियों के जरिए यहां लाया जा रहा है। इससे मैदान में कचरे का बड़ा ढेर जमा हो गया है।
दुर्गंध और बीमारी फैलने की आशंका
शिकायतकर्ता के अनुसार, जिस मैदान में पहले बच्चे क्रिकेट और अन्य खेल खेलते थे, वहां अब कचरा जमा होने से लोगों को परेशानी हो रही है। बड़ी मात्रा में कचरा जमा होने के कारण आसपास की बस्तियों में दुर्गंध फैलने और बीमारियां फैलने की आशंका जताई गई है।

जावेद खान ने कहा कि उक्त स्थान पर डंपिंग ग्राउंड की अनुमति नहीं होने के बावजूद वहां कचरा डाला जा रहा है। उन्होंने मनपा प्रशासन से मांग की है कि तत्काल कचरा डालना बंद कराया जाए और जमा पूरा कचरा हटाकर परिसर की सफाई कराई जाए।
मैदान को पूर्व स्थिति में लाने की मांग
शिकायत में स्टेडियम के मैदान को पूर्व की तरह साफ-सुथरा कर खेल मैदान के रूप में विकसित करने और क्षेत्र में फैल रही गंदगी व दुर्गंध को दूर करने की मांग की गई है। साथ ही शिकायत पर की गई कार्रवाई की लिखित जानकारी देने का अनुरोध भी मनपा प्रशासन से किया गया है।
अब देखना होगा कि मनपा प्रशासन इस शिकायत पर क्या कार्रवाई करता है और स्टेडियम परिसर में कचरा डंप किए जाने को लेकर लगाए गए आरोपों पर उसका क्या पक्ष सामने आता है।

