भिवंडी: रमजान तैयारियों के लिए आयुक्त अनमोल सागर ने की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक

भिवंडी

अब्दुल गनी खान
भिवंडी। आगामी रमजान पर्व को देखते हुए भिवंडी महानगरपालिका के प्रशासक एवं आयुक्त अनमोल सागर की अध्यक्षता में सोमवार को एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक मनपा के नए प्रशासनिक भवन स्थित हॉल में संपन्न हुई, जिसमें स्वच्छता, जलापूर्ति, सुरक्षा और यातायात प्रबंधन जैसे अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

आयुक्त अनमोल सागर ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए कि इफ्तारी के बाद उत्पन्न होने वाले कचरे का तुरंत निस्तारण किया जाए। उन्होंने कचरा डिब्बों की संख्या बढ़ाने, दिन में दो बार सफाई करने और डीप क्लीनिंग सुनिश्चित करने के आदेश दिए। इसके साथ ही होटलों और रेस्टोरेंट के साथ समन्वय कर स्वच्छता बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।

जलापूर्ति के मुद्दे पर आयुक्त ने कहा कि जिन क्षेत्रों में पानी की किल्लत है, वहां टैंकरों के माध्यम से पानी उपलब्ध कराया जाए और डीप क्लीनिंग के लिए पर्याप्त पानी सुनिश्चित किया जाए। जलापूर्ति का समय-निर्धारित पत्रक भी जारी किया जाएगा।

यातायात विभाग को भीड़ नियंत्रण की योजना बनाने और फेरीवालों के लिए वैकल्पिक स्थान चिन्हित करने के निर्देश दिए गए। बाजार विभाग को विक्रेताओं को व्यवस्थित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई। आयुक्त ने टोरेंट पावर को भी निर्देश दिए कि रमजान के दौरान बिजली आपूर्ति बाधित न हो। अस्थायी मीटरों से शॉर्ट सर्किट जैसी घटनाओं को रोकने की जिम्मेदारी भी टोरेंट पावर की होगी।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर संवेदनशील इलाकों में सीसीटीवी कैमरे लगाने और दमकल विभाग को सतर्क रहने का निर्देश दिया गया।

बैठक में अतिरिक्त आयुक्त-1 विठ्ठल डाके, अतिरिक्त आयुक्त-2 नयना ससाणे, सहायक पुलिस आयुक्त रमेश सांगले, उप-आयुक्त (कर) बालकृष्ण क्षीरसागर, शहर अभियंता जमील पटेल, स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. वर्षा चौधरी और विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

आयुक्त अनमोल सागर ने सभी विभागों से कहा, “सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें और सुनिश्चित करें कि रमजान का पवित्र महीना शांति और सुव्यवस्था के साथ संपन्न हो।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *