नवी मुंबई एयरपोर्ट का नाम दि. बा. पाटील पर तय, मुख्यमंत्री फडणवीस का आश्वासन

ठाणे भिवंडी महाराष्ट्र

अब्दुल गनी खान भिवंडी:
लंबे समय से चल रही नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे के नामकरण की मांग को लेकर अब बड़ा संकेत मिला है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने साफ कर दिया है कि एयरपोर्ट को लोकनेते दि. बा. पाटील का ही नाम दिया जाएगा। यह आश्वासन मुख्यमंत्री फडणवीस ने नवी मुंबई एयरपोर्ट नामकरण सर्वपक्षीय कृती समिति के पदाधिकारियों को मुंबई में हुई बैठक में दिया। समिति के प्रतिनिधिमंडल ने वन मंत्री गणेश नाईक के नेतृत्व में मुख्यमंत्री से भेंट कर स्थानीय भूमिपुत्रों की तीव्र भावनाएं उनके समक्ष रखीं। बैठक में माजी केंद्रीय राज्यमंत्री कपिल पाटील ने कहा कि अगर इस नामकरण प्रक्रिया में कोई अड़चन है तो मुख्यमंत्री खुद हस्तक्षेप कर मार्ग प्रशस्त करें।

उन्होंने बताया कि 2016 में लोकसभा में सबसे पहले उन्होंने ही नवी मुंबई एयरपोर्ट को दि. बा. पाटील का नाम देने की मांग उठाई थी। इसके बाद महाराष्ट्र विधानसभा और विधान परिषद दोनों में प्रस्ताव पारित हुआ, जिसे नागरी उड्डयन मंत्रालय को भेजा गया। वहां से यह प्रस्ताव गृह मंत्रालय गया और गृह मंत्रालय की मंजूरी के बाद इसे प्रधानमंत्री कार्यालय को भेजा गया है।बैठक में कपिल पाटील ने मुख्यमंत्री से यह भी अनुरोध किया कि प्रधानमंत्री कार्यालय में लंबित इस प्रस्ताव को लेकर राज्य सरकार स्तर पर पहल कर समाधान निकाला जाए। जवाब में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने समिति को भरोसा दिलाया कि नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे को दि. बा. पाटील का नाम देने का निर्णय पक्का है।मुख्यमंत्री से भेंट करने वाले प्रतिनिधिमंडल में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष रवींद्र चव्हाण, कृती समिति के अध्यक्ष दशरथ पाटील, माजी केंद्रीय राज्यमंत्री कपिल पाटील, माजी सांसद जगन्नाथ पाटील, माजी सांसद रामशेठ ठाकूर, सांसद सुरेश म्हात्रे, संजीव नाईक, विधायक प्रशांत ठाकूर समेत कई जनप्रतिनिधि और मान्यवर शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *